Trump Iran Tensions : ईरान की सेंट्रल मिलिट्री कमांड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 48 घंटे के अंदर समझौता करने वाली धमकी को खारिज कर दिया है. ईरान ने न केवल ट्रंप की धमकियों को नजरअंदाज किया, बल्कि अमेरिका को अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी है. ईरान ने इसे बेवकूफी भरा कदम बताते हुए कहा कि इससे अमेरिका के लिए नरक के दरवाजे खुलेंगे.
खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर से जारी बयान में ईरानी मिलिट्री जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने कहा कि ट्रंप की धमकी “एक बेबस, घबराहट भरी, असंतुलित और बेवकूफी भरी हरकत” थी, उन्होंने चेतावनी दी कि “इस संदेश का सीधा सा मतलब यह है कि तुम्हारे लिए नरक के दरवाजे खुल जाएंगे.”
धमकी भरे पोस्ट में ईरान को चेतावनी
हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर धमकी भरे पोस्ट में ईरान को चेतावनी देते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटे का वक्त दिया था. ट्रंप ने कहा था कि जब उन्होंने पहले ईरान को 10 दिन का समय दिया था, अब केवल 48 घंटे बचे हैं.
परमाणु केंद्र पर चौथी बार बड़ा हमला
इससे पहले शनिवार को इजरायल और अमेरिका द्वारा तेहरान के बुशहर परमाणु केंद्र पर चौथी बार बड़ा हमला किए जाने के बाद ईरान ने पहली बार परमाणु हमले की धमकी दी. ईरान ने कहा कि इजरायल और अमेरिका की कार्रवाई से तेहरान को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि इससे सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कुवैत, बहरीन, कतर और ओमान जैसे देशों में जीवन प्रभावित होगा. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह चेतावनी दी.
अब्बास अराघची ने कहा कि इज़रायल-अमेरिका ने बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर अब तक चार बार हमला किया है. अगर रेडियोएक्टिव फॉलआउट हुआ, तो इसका असर तेहरान पर नहीं बल्कि GCC देशों की राजधानियों पर पड़ेगा.
ईरानी नागरिकों के वीजा और ग्रीन कार्ड रद्द
ट्रंप प्रशासन ने ईरान की मौजूदा या पूर्ववर्ती सरकार से जुड़े कम से कम चार ईरानी नागरिकों के ग्रीन कार्ड या अमेरिकी वीजा रद्द कर दिए हैं. इनमें दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें निर्वासित किया जाएगा. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कुद्स फोर्स के नेता जनरल कासिम सुलेमानी की एक रिश्तेदार और उसकी बेटी अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) की हिरासत में हैं. कासिम सुलेमानी 2020 में बगदाद हवाई अड्डे के पास अमेरिकी हमले में मारे गए थे.
ये भी पढ़ें- इंस्टाग्राम ने शुरू की ‘Instagram Plus’ टेस्टिंग, पेड फीचर्स जल्द आएंगे, प्रीमियम फीचर्स की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









