Haryana

फरीदाबाद नगर निगम में 7 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े में इंस्पेक्टर नवीन रतरा गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

Haryana News : फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए 2025 में दर्ज 7 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़ा मामले में नगर निगम के इंस्पेक्टर नवीन रतरा को गिरफ्तार किया है। मामले में नगर निगम में बिना काम के करीब 200 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था, जिसमें 7 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा शामिल था। इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद अन्य संदिग्धों के पकड़े जाने की संभावना बढ़ गई है।

ठेकेदार के साथ मिलीभगत

एसीबी के अनुसार, फरीदाबाद नगर निगम ने 2018 में विकास कार्यों के लिए 8 वर्क ऑर्डर जारी किए थे, जिनकी कुल राशि लगभग 40 लाख रुपये थी। बाद में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ठेकेदार सतबीर के साथ मिलीभगत कर इन वर्क ऑर्डरों की राशि को बढ़ाकर 7 करोड़ रुपये से अधिक कर दिया।

अन्य आरोपियों ने की थी राहत की मांग

अगस्त 2025 में मामले की शिकायत पर एसीबी ने केस दर्ज किया था। इसके बाद तत्कालीन क्लर्क और वर्तमान इंस्पेक्टर नवीन रतरा समेत अन्य आरोपियों ने कोर्ट में राहत की मांग की थी, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद एसीबी ने नवीन रतरा को गिरफ्तार कर लिया।

जारी वर्क ऑर्डरों की राशि बढ़ाई

एसीबी ने बताया कि नवीन रतरा कई अन्य भ्रष्टाचार मामलों में भी शामिल रहा है और उसके खिलाफ पांच अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं, जो 2022, 2023 और 2025 में दर्ज की गई थीं। रतरा ने जांच में कबूल किया है कि 2018 में बल्लभगढ़ इलाके के कई विकास कार्यों के लिए जारी वर्क ऑर्डरों की राशि बढ़ाई गई।

उदाहरण के लिए:

वर्क ऑर्डर 1433 (वार्ड नंबर-38) – इंटरलॉकिंग टाइल्स का काम 4.92 लाख रुपये से बढ़ाकर 93,82,362 रुपये किया गया।
वर्क ऑर्डर 1442 (वार्ड नंबर-36) – मोहना रोड पर यादव डेयरी से साई अस्पताल तक का काम 5.83 लाख रुपये से बढ़ाकर 98,95,837 रुपये किया गया।

एसीबी अधिकारियों ने कहा कि नवीन रतरा की गिरफ्तारी के बाद इस मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है। नगर निगम में बिना काम के भुगतान मामले में कुल 200 करोड़ रुपये का घोटाला सामने आया है और अन्य मामलों में जांच अभी जारी है।

ये भी पढ़ें- अमेरिकी F-15E पायलट का ईरान से हाई-रिस्क रेस्क्यू, ट्रंप ने किया कंफर्म, फोर्सेज ने जवान को बचाया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button