
Holding tax: पटना नगर निगम होल्डिंग टैक्स वसूली के लिए बकाएदारों को डिमांड भेज रहा है। नगर निगम ने ऐसी संस्थाओं या लोगों को चिह्नित किया है, जिन्होंने अभी होल्डिंग टैक्स का भुगतान नहीं किया है। ऐसे बकाएदारों पर नगर निगम का 123 करोड़ रुपये बकाया है।
Holding tax: भुगतान के लिए किया जा रहा सूचित
नगर निगम ने ऐसी सभी संस्थाओं या लोगों से बकाए भुगतान की डिमांड की है। जहां करोड़ों रुपये बकाया होने के बाद भी अब तक संपत्ति शुल्क नहीं जमा किया गया है। सभी वार्डों में संपत्ति कर के भुगतान के लिए मांग भेजी जा रही है।
Holding tax: निजी और सरकारी दोनों संपत्तियां शामिल
पटना नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वर्तमान समय में होल्डिंग टैक्स का लगभग 123 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें निजी एवं सरकारी दोनों संपत्तियां शामिल हैं।
सरकारी संपत्ति पर बकाया 44.18 करोड़
संस्थान की संख्या 2283
गैर सरकारी संपत्ति पर बकाया 79.67 करोड़
बकायेदारों की संख्या 1,39,764
बड़े बकायेदार (सरकारी)
शिक्षा विभाग 15 करोड़ 90 लाख
वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग 6 करोड़ 46 लाख
भवन निर्माण विभाग 3 करोड़ 16 लाख
सीजीएसटी 3 करोड़ 2 लाख
स्वास्थ्य विभाग 1 करोड़ 71 लाख
बड़े बकायेदार (निजी)
वीरेंद्र कुमार 52 लाख 80 हजार
लैंड C एसोसिएट मैनेजिंग पार्टनर दीपक कुमार 21 लाख 79 हजार
कुमुद विशाल 19 लाख 58 हजार
दुर्गा सत्तू चूड़ा उद्योग 15 लाख 57 हजार
सुकांत कुमार मिश्रा 15 लाख 22 हजार
गौरतलब है कि यह राशि संपत्ति कर एवं ठोस कचरा प्रबंधन शुल्क के रूप में बकाया है। पटना नगर निगम द्वारा बकाया राशि की भुगतान के लिए इन सभी को मांग पत्र भेजा गया है।
Holding tax: 1.5 प्रतिशत का देनी होगी पेनाल्टी
पटना नगर निगम द्वारा अप्रैल माह से होल्डिंग टैक्स की वसूली की जाती है। जिस दौरान अप्रैल से जून तक टैक्स में 5% की छूट का भी लाभ दिया जाता है। जुलाई से सितंबर तक बिना किसी छूट एवं पेनाल्टी के टैक्स जमा कर सकते हैं। 1 अक्टूबर के बाद 1.5% की पेनाल्टी देनी होगी। वर्तमान समय में जिन्होंने भी संपत्ति कर नहीं जमा किया है उन्हें यह पेनाल्टी देनी होगी। और यह पेनाल्टी हर महीने लगती जाएगी।
Holding tax: इन तरीकों से कर सकते हैं भुगतान
पटना नगर निगम की होल्डिंग टैक्स की सुविधा भारत बिल पेमेंट सिस्टम पर भी उपलब्ध है। होल्डिंग टैक्स का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए पटना नगर निगम द्वारा शहर वासियों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है। पटना नगर निगम Google Pay, Phone Pay, Paytm सहित BBPS (भारत बिल भुगतान प्रणाली) प्लेटफार्मों पर उपलब्ध है। इनपर संपत्ति कर का भुगतान कर सकते हैं। उपयोगकर्ताओं को कोई सेवा शुल्क नहीं देना होगा।
रिपोर्टः सुजीत कुमार, ब्यूरोचीफ, बिहार
ये भी पढ़ें: उधार का पैसा देने के बहाने चाकू से गोदकर की हत्या