Crime News: माफियाओं के खिलाफ पुलिस छेड़ेगी अभियान, 1 दिसंबर से शुरू होगी पुलिस की प्रक्रिया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस को अपराधियों पर लगाम कसने के निर्देश दिए । मुख्यमंत्री ने पुलिस को अभियान छेड़कर माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम धामी के निर्देशों पर पुलिस एक्टिव हो गई है। उत्तराखंड पुलिस एक दिसंबर से राज्य में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है।
दो महीनों तक पुलिस का ये विशेष अभियान चलेगा। डीजीपी अशोक कुमार के निर्देशन में पुलिस ने इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और माफियाओं के आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करने की रणनीति बनाई है। डीजीपी के अनुसार जिलों में वांछित चल रहे इनामी बदमाशों के खिलाफ विशेष टीमें बनाकर बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी। इसके साथ ही गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों की संपत्ति जब्त होगी। विशेष अभियान के लिए पुलिस ने ये रणनीति बनाई है।
अभियान की सफलता के लिए अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही लापरवाह पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। डीजीपी अशोक कुमार का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर अमल करते हुए प्रदेश को अपराध और माफियाओं से मुक्त करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। और इसी के मद्देनजर माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पुलिस बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है।