Chhattisgarh news: भाजपा नेताओं की हत्या के खिलाफ कार्यकर्ताओं का हल्लाबोल

छ्त्तीसगढ़ के बस्तर में लगातार हो रही भाजपा नेताओं की हत्या और कांग्रेस सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ BJP ने जमकर हमला बोला है। बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर की सभी 12 विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। यहां धरना प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद IG कार्यालय का घेराव करने निकले। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल समेत अन्य दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। दरअसल BJP के कार्यकर्ताओं ने पहले सिरहासार चौक में धरना दिया। जिसके बाद वहां से IG ऑफिस का घेराव करने के लिए रैली निकाली।
छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के खिलाफ BJP नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। इधर, भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भी तगड़ी व्यवस्था कर रखी थी। IG ऑफिस पहुंचने वाले रास्ते में 2 जगहों पर बैरिकेट्स लगाए गए थे। हालांकि, BJP कार्यकर्ता एक भी बैरिकेट्स को पार नहीं कर पाए। इस मौके पर BJP के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि, पिछले 1 महीने के अंदर बस्तर में BJP के 4 नेताओं की हत्या हुई है। CG की कांग्रेस सरकार राज्य को अंधेरी कोठरी में ढकेल रही है। BJP के नेताओं को टारगेट करके मारा जा रहा है। विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में आज BJP के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं। उन्होंने कहा कि, इसी विरोध में कल पूरे प्रदेश में 2 बजे से ऐतिहासिक चक्काजाम किया जाएगा। ताकि सरकार को जगाया जा सके। लोगों की जान की रक्षा करे।
तो वहीं, अरुण साव ने कहा कि, CG में भाजपा के कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ महतारी के सपूत हैं। जान हथेली पर रखकर काम कर रहे हैं। साथियों की सहादत व्यर्थ जाने हीं देंगे। BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हमें संबल दिया है। न हम डरेंगे, न हम झुकेंगे। उन्होंने कहा कि, साल 2003 से पहले इसी तरह का काम प्रदेश में हो रहा था। इसलिए CG की जनता ने कांग्रेस सरकार को उखाड़कर फेंक दिया। भाजपा की सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि, हमें उम्मीद है आने वाले चुनाव में जनता हमें चुनेगी।