Punjab

पंजाब के जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का हरियाणा के झूठे जल वितरण दावों पर कड़ा पलटवार

Chandigarh : पंजाब के जल संसाधन और भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज भाखड़ा मेन लाइन (बी.एम.एल.) के जल वितरण संबंधी हरियाणा के भ्रामक प्रचार की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोगों को गुमराह करने और ज़मीनी हकीकत से लोगों का ध्यान भटकाने की सोची-समझी कोशिश करार दिया।

गोयल ने कहा कि हरियाणा का यह दावा कि वह बी.एम.एल. से अपना पूरा 10,300 क्यूसेक हिस्सा ले रहा है, न केवल तथ्यों से कोसों दूर है, बल्कि यह एक हैरान करने वाली झूठी प्रचार रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वास्तविक स्थिति इन झूठे दावों से बिल्कुल अलग है।

बी.एम.एल. अभी तक अपनी पूरी कार्यशील क्षमता तक नहीं पहुंची

कैबिनेट मंत्री ने आज दोपहर 12 बजे की स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि बी.एम.एल. अभी तक अपनी पूरी कार्यशील क्षमता 11,700 क्यूसेक तक भी नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि तय प्रोटोकॉल के अनुसार पानी के स्तर को धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है।

गोयल ने जल वितरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि बी.एम.एल. नहर के पंजाब में शुरुआती बिंदु पर वर्तमान समय में हमें 9690 क्यूसेक पानी प्राप्त हो रहा है। पंजाब इसमें से 2025 क्यूसेक पानी अपनी वैध ज़रूरतों के लिए उपयोग कर रहा है। दिल्ली और राजस्थान के वैध हिस्से को काटने के बाद हरियाणा को 6720 क्यूसेक पानी मिल रहा है, जो हरियाणा के वितरण संबंधी किए दावों से बहुत कम है।

‘पंजाब 3,000 क्यूसेक पानी पूरी तरह उपयोग करेगा’

पंजाब के हितों की रक्षा करते हुए पानी के तर्कसंगत वितरण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कैबिनेट मंत्री ने साफ किया कि पंजाब अपने संवैधानिक अधिकार के तहत 3,000 क्यूसेक पानी पूरी तरह उपयोग करेगा और बाकी पानी हरियाणा को बी.एम.एल. नहर प्रणाली की क्षमता के अनुसार ही दिया जाएगा।

उन्होंने हरियाणा की भ्रामक प्रचार मुहिम की सख्त आलोचना करते हुए कहा, “इस तरह के घिनौने प्रचार स्टंट और प्रचार अभियानों का सहारा लेने के बजाय, हरियाणा को चाहिए कि वह ईमानदारी से बात करे और अपनी जनता के सामने सही जानकारी रखे।” उन्होंने कहा कि लोग पारदर्शिता के हकदार हैं और उन्हें सच्चाई चाहिए, नाकि मनगढ़ंत कहानियां।

तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना बर्दाश्त नहीं

बरिंदर कुमार गोयल ने जोर देकर कहा कि पंजाब आपसी सहयोग और संसाधनों के तर्कसंगत वितरण का पक्षधर है, लेकिन तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने या अपने वैध अधिकारों को खतरे में डालने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगा।

यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को IMF से फिर मिली राहत की उम्मीद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button