बिकिनी पहने, घूंघट करे या फिर पहने हिजाब, ये सिर्फ महिलाओं का अधिकार; कर्नाटक हिजाब विवाद पर प्रियंका गांधी का बयान

नई दिल्ली: कर्नाटक में हिजाब (Karnataka Hijab Row) का मामला गरमा गया है। स्कूली और शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पहनने के मामले की एंट्री अब राजनीतिक स्तर पर भी आ गई है। इस बीच कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट करके इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बिकिनी पहने, या फिर पहने हिजाब, ये सिर्फ महिलाओं का अधिकार: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके लिखा कोई बिकिनी पहने, घूंघट करे या फिर जींस पहने या हिजाब, यह महिला का अधिकार है कि वह खुद फैसला करे कि वह क्या पहनना चाहती है। हमारे देश के संविधान ने यह गारंटी दी है। महिलाओं को परेशान करना बंद करें। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने हैश टैग लड़की हूं, लड़ सकती हूं लिखा।
हिजाब को लेकर कर्नाटक के स्कूल-कॉलेजों में बवाल
कर्नाटक हिजाब विवाद (Karnataka Hijab Row) पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने भी कहा कि वोटों का ध्रुवीकरण करने के लिए जानबूझकर ये किया गया है, कुछ लोग हिन्दू-मुस्लिम को लड़ाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन कर्नाटक हमेशा एकजुट होकर रहा है। इसके पीछे राजनीतिक पार्टियां काम कर रही हैं।
कुछ लोग कर रहे हिन्दू-मुस्लिम को लड़ाने की कोशिश: मल्लिकार्जुन खड़गे
आपको बता दें कि कर्नाटक में हिजाब (Karnataka Hijab Row) के मामले की एंट्री अब संसद में भी हो चुकी है। वहीं दूसरी तरफ आरोप है कि एक शैक्षिणक संस्था में विरोध के स्वरूप में तिरंगे की जगह भगवा लहरा दिया गया। इसी को लेकर कई वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहे है।