Advertisement

स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेश्कर का निधन, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कई गण्मान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया

lata mangeshkar
Share
Advertisement

बॉलीवुड गायिका और भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेश्कर का निधन हो गया है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। स्वर कोकिला लता मंगेश्कर 92 साल की थीं।

Advertisement

लता मंगेश्कर के निधन पर राष्ट्रपति ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘लता जी का निधन मेरे लिए हृदयविदारक है, जैसा कि दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए है। उनके गीतों की विशाल श्रृंखला में, भारत के सार और सुंदरता को प्रस्तुत करते हुए, पीढ़ियों ने अपनी आंतरिक भावनाओं की अभिव्यक्ति पाई। भारत रत्न, लता जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगा मंगेश्कर की निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, “मैं शब्दों से परे पीड़ा में हूँ। दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वे हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है, जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी।”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट करते हुए लता मंगेश्कर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, ”मेरी आवाज़ ही पहचान है, गर याद रहे’ स्वर साम्राज्ञी लता दीदी जी का निधन संपूर्ण विश्व के कला जगत के लिये एक कभी पूरी ना हो सकने वाली क्षति है।

दशकों से उनकी आवाज़ ने लोगों के ह्रदय पर राज किया है। आज वो हमारे बीच नही रहीं, लेकिन उनकी आवाज़ अमर है, और हमेशा दिलों में रहेगी।’

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्वास नकवी ने लिखा, “जमाना बड़े ग़ौर से सुन रहा था, तुम ही सो गए दास्ताँ कहते-कहते”.. देश की आन-बान-शान, स्वर साम्राज्ञी, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुखद, कला-संगीत क्षेत्र की अपूरणीय क्षति। लता दीदी को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। ॐ शांति…

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूँ कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति शांति…’

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर कोकिला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘‘स्वर कोकिला’ लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज़ खो गई है। लताजी ने आजीवन स्वर और सुर की साधना की। उनके गाये हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों को सुना और गुनगुनाया है। उनका निधन देश की कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति है।उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ।’

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने लता मंगेश्कर के निधन पर शोक व्यक्ति किया है। उन्होंने लिखा, ‘स्वर कोकिला, सुर साम्राज्ञी, ख्यातिलब्ध पार्श्व गायिका ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर जी के निधन की खबर से मन अत्यंत दुखी है। वे संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी और उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है।’

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘भारत रत्न, स्वर कोकिला, आदरणीय लता मंगेशकर जी के निधन से बेहद स्तब्ध हूँ। दीदी के कर्णप्रिय सुर से वें हम सभी के मन में सदैव जीवंत रहेंगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति!’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुःखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’

2 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

लता मंगेश्कर के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। स्वर कोकिला लता मंगेश्कर के अंतिम दर्शन 12 बजे से कर सकेंगे। उनके आवास पर लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। मुंबई के शिवाजी पार्क में लगा मंगेश्कर का अंतिम संस्कार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *