
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ता हुआ दिखाई पड़ रहा है। बता दें पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाएं आसपास के कई राज्यों में तेजी से ठंड बढ़ाने का काम कर रही है। वहीं राजधानी में बीते दिन मंगलवार को दिन भर चली ठंडी हवाओं के कारण आज पारा तेजी से लढ़क गया है। इसी के साथ कई जगहों पर मौसम विभाग ने बारिश का भी अनुमान जताया है। वहीं राजधानी में गिरे पारा के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री कम की गिरावट देखी गई। बता दें अधिकतम 24.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया।
कहां कितना रहा पारा
राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में तापमान की बात करें तो पालम केंद्र पर सबसे कम 22.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मयूर विहार में 22.5, जाफरपुर में 22.8, मुंगेशपुर में 23.2, रिज में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री दर्ज हुआ। इस कारण से दिन भर ठिठुरन बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार सात से नौ दिसंबर तक तापमान में कोई खास परिवर्तन नहींं होगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री बना रहेगा।