अरविंद केजरीवाल को फिर AAP की कमान, चुने गए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक

Share

नई दिल्ली:  आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया है। आम आदमी पार्टी के नव निर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज संपन्न हुई पहली बैठक में सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक चुनने के साथ ही सर्व सम्मति से वरिष्ठ नेता पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव और एनडी गुप्ता को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुना है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा चुने गए ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एनडी गुप्ता का कार्यकाल 5 साल का होगा।

आम आदमी पार्टी की नव निर्वाचित 34 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज हुई पहली बैठक

उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी की कल डिजिटल माध्यम से नेशनल काउंसिल की बैठक हुई थी। यह बैठक आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई। जिसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इस बैठक में 34 नए राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चुने गए थे। इन कार्यकारिणी सदस्यों में ‘आप’ के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, इमरान हुसैन, राजेंद्र पाल गौतम, राघव चड्ढा, आतिशी, राखी बिड़लान आदि के नाम शामिल है।

राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एनडी गुप्ता का कार्यकाल 5 साल का होगा

वहीं, आम आदमी पार्टी की नव निर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आज पहली बैठक हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय संयोजक, राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने एकमत से पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर सहमति जताई। साथ ही, कार्यकारिणी सदस्यों ने सर्व सम्मति से वरिष्ठ नेता पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव और एनडी गुप्ता को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुन लिया। वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की जल्द ही दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी। उस बैठक में राज्यवार चुनाव को लेकर विश्लेषण किया जाएगा। साथ ही, देश के राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी।

अरविंद केजरीवाल को इसलिए चुना गया फिर से आपका राष्ट्रीय संयोजक

आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जब राष्ट्रीय संयोजक पद के लिए अरविंद केजरीवाल का नाम प्रस्तावित किया गया, तब मौजूद सभी सदस्यों ने एकमत से उनके नाम का समर्थन किया। कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी बनी है, तभी से अरविंद केजरीवाल कुशलता पूर्वक मार्ग दर्शक की भूमिका निभाते रहे हैं। साथ ही, ‘आप’ के अंदर और देश भर में एक बड़े लोकप्रिय नेता भी हैं। अरविंद केजरीवाल कठिन परिस्थितियों में हमेशा आम आदमी पार्टी के लिए खड़े रहे हैं और पार्टी को कठिन परिस्थितियों में भी एकजुट और मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *