UPSC को मिला नया अध्यक्ष, डॉ. अजय कुमार की नियुक्ति को राष्ट्रपति ने दी मंजूरी

UPSC को मिला नया अध्यक्ष, डॉ. अजय कुमार की नियुक्ति को राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
Ajay Kumar UPSC : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के अध्यक्ष पद पर भारत के पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
संघ लोक सेवा आयोग को नया अध्यक्ष मिल गया है। (UPSC) चीफ का पद कुछ दिनों से खाली था। अब केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में बताया गया है कि भारत के पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार को यूपीएससी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अजय कुमार की नियुक्ति को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दी। वह एक अक्टूबर 2027 तक (UPSC) चीफ के तौर पर कार्यरत रहेंगे।
भारत के रक्षा सचिव के रूप में काम किया
बता दें कि डॉ. अजय कुमार का जन्म 2 अक्टूबर 1962 को हुआ था। वह अक्टूबर 2022 में रक्षा सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने 23 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर, 2022 तक भारत के रक्षा सचिव के रूप में काम किया। डॉ. अजय कुमार 1985 बैच के केरल कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के (IAS)अधिकारी हैं। उन्होंने अपनी शिक्षा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी कानपुर से प्राप्त की है।
मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है
उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका जाने से पहले उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर, भारत से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. किया था। उन्हें आईआईटी कानपुर के विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार और एमिटी विश्वविद्यालय द्वारा दर्शनशास्त्र में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है।
अखिल भारतीय सेवाओं के लिए परीक्षाओं का आयोजन करता है
बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित विभिन्न अखिल भारतीय सेवाओं के लिए परीक्षाओं का आयोजन करता है। आयोग में अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं, हालांकि वर्तमान में दो पद रिक्त हैं।
ये भी पढ़ें: भारत के ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान के तबाह किए 11 एयरबेस, जानें क्या है खासियत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप