आज भारत रचेगा इतिहास, बस चंद मिनटों बाद चांद पर उतरेगा चंद्रयान-3

Share

Chandrayaan-3: भारत का तीसरा चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ इतिहास रचने के एकदम करीब है। बता दें कि (23 अगस्त) की शाम 6:04 बजे का समय देश और दुनिया की सबसे ज्यादा धड़कनें धड़काने वाला होगा जब चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की सॉफ्ट लैंडिंग कराई जाएगी।

‘विक्रम’ लैंडर से ‘प्रज्ञान’ नामक रोवर निकलकर चंद्रमा की सतह पर भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ISRO के लिए कई तरह के सैंपल जुटाएगा, जिससे चंद्रमा के बारे में मानवता के लिए मूल्यवान जानकारियां मिलने की उम्मीद की जा रही है।

भारत ऐसा करने वाला पहला देश बनेगा

भारत के इस मिशन को लेकर पूरी दुनिया की दिलचस्पी इसलिए भी है क्योंकि पृथ्वी के नैचुरल सैटेलाइट (चंद्रमा) के इस हिस्से पर अभी तक कोई देश नहीं पहुंचा है। हाल में रूस ने अपने चंद्र मिशन ‘लूना-25’ से यहां पहुंचने की कोशिश की लेकिन वह क्रैश हो गया और उसका मिशन फेल हो गया। चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग निश्चित रूप से भारत को स्पेस पावर बनाएगी।

चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के मामले में अमेरिका, तत्कालीन सोवियत संघ और चीन के बाद भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन जाएगा। सॉफ्ट लैंडिंग में अब बस कुछ ही घंटों की देरी है। काउंटडाउन शुरू हो चुका है।