पूर्व सीएम कल्याण सिंह को देखने पहुंचे शाहनवाज़ हुसैन

लखनऊ। लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में खराब स्वास्थ्य के चलते भर्ती हुए पूर्व राज्यपाल और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत में सुधार हो रहा है। लगातार पीएम मोदी और सीएम योगी उनके स्वास्थ्य सुधार की जानकारी ले रहे है। गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे और अब बिहार सरकार के मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी लखनऊ स्थित पीजीआई अस्पताल पहुंचकर वहां के डॉक्टरों से बातचीत कर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने कल्याण सिंह से बात की।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पीजीआई में भर्ती होने के बाद से ही सीएम योगी आदित्यनाथ लगातार अस्पताल के सीनियर डॉक्टर से संपर्क बनाए हुए हैं। इस बीच वह कई बार अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को कल्याण सिंह के बेहतर इलाज को लेकर निर्देश दे चुके हैं।
शुक्रवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर तेजी से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन की खबर ने हड़कंप मचा दिया था। इसी दौरान पीजीआई के अस्पताल प्रशासन समेत डायरेक्टर आरके धीमान ने निधन की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। इसी के साथ वे आईसीयू स्टाफ और परिजन से धीरे-धीरे बात भी कर रहे हैं। बता दें कि 3 दिन पहले अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के चलते उन्हें पीजीआई के आईसीयू में शिफ्ट किया गया था।