आज उत्तर प्रदेश के अंदर महिलाएं सुरक्षित, नागरिक सुरक्षित: CM योगी

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास किया। इस दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पेशेवर माफियाओं और गैंगेस्टरों से 1,584 करोड़ की संपत्ति जब्त की गयी। आज माफियाओं में डर का माहौल है। उत्तर प्रदेश पुलिस अब नए सिरे से कार्य करती दिखाई दे रही है। उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है वो किसी से छिपा नहीं है।
कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई: CM
उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ, इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज के शिलान्यास कार्यक्रम में बोले कि उत्तर प्रदेश में 4 वर्षों के अंदर जो परिवर्तन हुआ है, वो गृह मंत्री जी की वजह से ही है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों का प्रदेश माना जाता था, माफियाओं का कब्जा था। आज उत्तर प्रदेश के अंदर महिलाएं सुरक्षित हैं, नागरिक सुरक्षित हैं। आगे सीएम बोले गृहमंत्री के कर कमलों से उत्तर प्रदेश इंस्टिट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास हो रहा है। कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। अनिवार्य रुप से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना है। मास्क लगाना है और कोविड नियमों का पालन करना है।
उत्तर प्रदेश पुलिस अब नए सिरे से कार्य करती दिखाई दे रही: CM
यूपी CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में क़ानून व्यवस्था बदहाल थी। माफिया राज इतना हावी था कि आज जिस भूमि पर हम इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की स्थापना कर रहे हैं, इस 142 एकड़ भूमि पर एक माफिया कब्ज़ा करने जा रहा था। हमने कार्रवाई कि और माफिया उस ज़मीन से भाग गया। 2019 में गृह मंत्री बनने के बाद अमित शाह ने अपराध के संदर्भ में इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज के निर्माण का विचार उत्तर प्रदेश सरकार को दिया और आज इस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास संपन्न हुआ।