Advertisement

Weather Update: मौसम ने ली करवट, भारी बारिश से कई राज्यों में तबाही

Share
Advertisement

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात और महाराष्ट्र में तो हाहाकार मचा हुआ है। गुजरात के कई जिलों में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। यहां अब तक 61 लोगों की मौत की खबर है। वहीं महाराष्ट्र में भी पिछले कई दिनों से जारी बारिश के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस बीच राजधानी दिल्ली में आज की सुबह सुहाना मौसम लेकर आई। सुबह से यहां बादल घिरे रहे। करीब 10 बजे के आसपास तेज बारिश शुरू हो गई। वहीं उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान में भी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

Advertisement

IMD ने मुंबई में जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच मंगलवार सुबह से ही यहां के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। हालांकि, यहां अभी तक जलभराव की सूचना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया, अगले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मुंबई में 14 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

नासिक में स्कूल बंद
महाराष्ट्र के नासिक में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए और बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया। यहां पिछले 24 घंटे के दौरान 97.4 मिमी बारिश हुई। सोमवार को जिले के सप्तश्रृंगी मंदिर के पास बाढ़ के कारण छह श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है। वहीं पुणे में एक इमारत गिरने से चार लोग घायल हो गए।


दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए आज येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन ट्रैफिक जाम ने लोगों की समस्या को बढ़ा दिया है। आईटीओ मार्ग पर ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति हो गई है। वाहन बिल्कुल रेंग रहे हैं।


गुजरात में ट्रेनें रद्द
गुजरात में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण हाहाकार मचा हुआ है। वडोदरा मंडल के दभोई और एकता नगर स्टेशनों के बीच बारिश के कारण पटरियों के खराब होने के कारण पश्चिम रेलवे की कुछ ट्रेनें आज रद्द/आंशिक रूप से रद्द कर दी गई हैं।

गुजरात: खतरे के निशान से ऊपर पूर्णा नदी
गुजरात में बारिश के कारण पूर्णा नदी उफान पर है। डीसी अमित प्रकाश यादव ने बताया नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। नवसारी शहर में 1700 लोगों को शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया। हम नागरिकों से अपने-अपने स्थानों पर रहने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *