
नोएडा की पॉश सोसाइटी में एक महिला के साथ दुर्व्यवहार करने वाले श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया है। अब खबर है कि श्रीकांत त्यागी के नोएडा से भागने के बाद ऋषिकेश में है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो वहां भी सख्त एक्शन लिया जाएगा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उत्तराखंड प्रशासन यूपी पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहा है और अगर जरूरत पड़ी तो वहां भी सख्त एक्शन लिया जाएगा। ऐसी खबरें हैं कि श्रीकांत त्यागी ऋषिकेश में छिपा हो सकता है।
श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) मामले पर उत्तराखंड DGP अशोक कुमार ने कहा कि अभी तक हमारे पुलिस मुख्यालय को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संपर्क नहीं किया गया है। इसके बावजूद मैंने देहरादून और हरिद्वार के SSP को कहा है कि यदि कोई भी मदद उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मांगी जाती है तो तुरंत मदद की जाए।
देहरादून एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने कहा कि उन्हें नोएडा के पुलिस कमिश्नर का फोन आया था, लेकिन ऋषिकेश में त्यागी के स्थान के बारे में कोई विशेष जानकारी उनके साथ साझा नहीं की गई थी। अगर कोई जानकारी हमारे साथ साझा की जाती है, तो हम कार्रवाई करेंगे।
बता दें घटना के बाद से ही त्यागी फरार चल रहा है। नोएडा पुलिस त्यागी के कई संभवित ठिकानों पर छापे मार रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस ने त्यागी पर 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा भी की है।