Advertisement

प्रियंका का गोरखपुर से हल्ला बोल, CM योगी पर जमकर साधा निशाना, किए बड़े-बड़े चुनावी वादे

@priyankagandhi

Share
Advertisement

गोरखपुर: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गोरखपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला है। प्रियंका ने किसानों की कर्ज माफी के साथ-साथ धान 2500 रूपए प्रति क्विंटल खरीदे जाने की बात कही है।

Advertisement

प्रियंका ने गोरखनाथ का जिक्र करते हुए कहा, “गुरु गोरखनाथ की वाणी के ख़िलाफ़ काम किए गए। बुलडोज़र चलाए गए, लोगों को धमकियां दी गईं, जेल में डाल दिया गया।”

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मठ के प्रमुख हैं, इस मठ की स्थापना स्वयं गुरू गोरखनाथ ने की थी।

मछली पालन को कृषि के साथ जोड़ा जाएगा

कंग्रेस नेता ने किसानों के साथ-साथ मछली पालने वालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो मछली पालन को भी कृषि का दर्जा दिया जाएगा। साथ ही कृषि से जुड़ी सारी सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं जाएंगी।

गुरू मछेंद्रनाथ के नाम पर खोला जाएगा विश्वविद्यालय

इसके अलावा निषाद समुदाय को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि गुरू मछेंद्रनाथ के नाम पर विश्वविद्यालय खोला जाएगा। साथ ही मछली पालन और रेत खनन के अधिकार भी निषाद समुदाय को ही दिए जाएंगे।

किसानों की जाएगी कर्ज माफी

महासचिव ने किसानों से जुड़े सभी कर्जों को माफ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों के सभी लोन माफ़ कर दिए जाएंगे। साथ ही गेहूं और धान की खरीद 2500 रुपए के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा सकेगी।

गन्ने का न्यूनतम दाम होगा 400 रूपए प्रति क्विंटल

कांग्रेस महासचिव की ओर से गन्ना किसानों का ध्यान भी अपनी तरफ खिंचने का प्रयास किया गया। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस यदि सत्ता में आती है तो गन्ने का न्यूनतम दाम 400 रूपए प्रति क्विंटल किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ मॉडल के आधार पर होगा आवारा पशुओं की समस्या का समाधान

प्रियंका ने आवारा पशुओं की समस्या पर भी बात कही। उन्होंने कहा कि अवारा पशुओं की समस्या का समाधान छत्तीसगढ़ मॉडल के आधार पर किया जाएगा।

साल में 3 सिलेंडर होंगे मुफ्त, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सम्मान राशी होगी 10 हजार रूपए महीना

रैली में प्रियंका ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर भी सबका ध्यान अपनी ओर खिंचने की कोशिश की। उन्होंने महिलाओं को साल में तीन सिलेंडर मुफ्त देने के बारे में कहा। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सम्मान राशि को बढ़ाकर 10000 रूपए कर दिया जाएगा।

सरकारी ठेके पर काम कर रहे लोगों की नौकरी होगी पक्की

गांधी ने सरकारी ठेके पर काम कर रहे लोगों की नौकरी पक्की करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही वो बीस लाख लोगों को रोज़गार मुहैया कराएंगे।

10 लाख रूपए का होगा मुफ्त बीमा

साथ ही राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को किसी भी बीमारी के लिए 10 लाख रुपए का मुफ्त बीमा दिया जाएगा।

कोविड के दौरान रोजगार खोने वाले लोगों को 25000 रूपए की आर्थिक मदद देने की बात भी महासचिव प्रियंका की ओर से रैली में की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं को किया जाएगा दुरूस्त

गोरखपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रियंका ने सीएम योगी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा “चुनाव आ रहे हैं तो हम सुन रहे हैं कि एम्स चालू कर दिया जाएगा। लेकिन पिछले पांच सालों में कुछ नहीं हुआ तो आप कैसे उम्मीद करेंगे कि अब कुछ होगा।”

उन्होंने आगे कहा कि जबकि आदित्यनाथ गोरखपुर से पांच बार सांसद रह चुके हैं, बावजूद उसके स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुईं हैं।

आने वाले पांच महीनों के भीतर राज्य में चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस के सामने यूपी चुनावों में बड़ी चुनौती है। प्रियंका चुनावों में कांग्रेस का चेहरा हैं। जिसके चलते गांधी जमीनी स्तर पर अपनी पार्टी की छवि सुधारने की पूरी कोशिश कर रही हैं।

पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 403 में से केवल सात सीटें ही जीती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *