सचिन पायलट ने कसा सियासी तंज, कहा- अशोक गहलोत की दलीलों से पिघलीं नहीं सोनिया गांधी, नहीं दे रहीं टाइम

राजस्थान की सियासत में फिर से एक बार नया रंग घुलता दिखाई दे रहा है। बता दें किमुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी हाईकमान के बीच बिगड़ी बात इतनी जल्दी बनती नहीं दिख रही है। हालांकि अशोक गहलोत नरम दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली जाने के लिए जयपुर में तैयार बैठे हैं, लेकिन खबर है कि सोनिया गांधी से मुलाकात का उन्हें समय नहीं दिया गया है। पहले खबर थी कि गहलोत दोपहर 2 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। फिर अशोक गहलोत के करीबी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री शाम 5, साढ़े 5 बजे दिल्ली जाएंगे। इस समय की बात करें तो कहा जा रहा है कि लेकिन अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से समय नहीं मिलने की वजह से प्रोग्राम रात 8 बजे तक टाल दिया गया है।
गहलोत के दिल्ली जाने की खबरों में अभी झोल नजर आ रहा है। कई जगह से खबरे हैं कि पार्टी नेतृत्व के साथ उनकी बात बन गई है, कहीं- कहीं ये सामने आ रहा पार्टी में कुछ आपसी कलह है, लेकिन जिस तरह गहलोत का दिल्ली जाना टल रहा है उसका साफ संकेत है कि गतिरोध अभी बरकरार है। उधर, जयपुर में खाचरियावास ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद जो बातें कहीं उसके मुताबिक, गहलोत कैंप अब भी अपनी बात पर अड़ा हुआ है और सचिन पायलट की ताजपोशी मंजूर नहीं है।
प्रताप सिंह खाचरियावास ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, ”मुख्यमंत्री दिल्ली जाएंगे। दिल्ली की यात्रा पहले से तय है। गहलोत जी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और राजस्थान के मुख्यमंत्री हैं। वह 5-साढ़े 5 बजे दिल्ली जाएंगे। वह 102 विधायकों की भावना संगठन और नेतृत्व को बताएंगे। वह 102 विधायकों के अभिभावक हैं।