Advertisement

Bharat Jodo Yatra: केरल में कांग्रेस का सब्जीवाले से जबरन चंदा वसूलने का वीडियो हुआ वायरल, तीन को किया गया सस्पेंड

Share
Advertisement

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक बार फिर सुर्खियों में है। केरल के कोल्लम में एक दुकानदार ने यात्रा का चंदा नहीं देने पर उसकी दुकान में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। दुकानदार का नाम एस फवाज है और वे कोल्लम में सब्जी की दुकान चलाते हैं। तोड़फोड़ का वीडियो सामने आने के बाद केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरन ने तीन कार्यकर्ताओं को सस्पेंड कर दिया है।

Advertisement

एस फवाज ने कहा कि 14 सितंबर को कांग्रेस के कुछ लोकल लीडर उनकी दुकान पर आकर भारत जोड़ो यात्रा के लिए चंदा मांगने लगे। दुकानदार ने 500 रुपए दिए, लेकिन उन्होंने दो हजार रुपए की मांग की। जब दुकानदार ने इतनी रकम देने से मना किया, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी दुकान में तोड़फोड़ की और सब्जी भी सड़क पर फेंक दी।

तोड़फोड़ में यूथ कांग्रेस महासचिव भी थे शामिल- शिकायत दर्ज

पीड़ित दुकानदार ने इस मामले में कुनिकोडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दुकानदार ने बयान में बताया है कि तोड़फोड़ करने वालों में यूथ कांग्रेस के महासचिव अनिस खान(Youth Congress General Secretary Anis Khan) भी शामिल थे। खान ही अपने पांच साथियों को लेकर उनकी दुकान पर पहुंचे थे। चंदे की रकम न देने पर उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने तीन कार्यकर्ताओं को सस्पेंड कर दिया है।

कार्यकर्ताओं का बर्ताव स्वीकार नहीं- केरल कांग्रेस अध्यक्ष

केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरन ने कहा- हम दूसरी पार्टियों की तरह कॉर्पोरेट फंडिंग से पैसा नहीं लेते हैं। हम छोटे स्तर पर चंदा लेते हैं, जिसे लोग अपनी मर्जी से देते हैं। कोल्लम की घटना में शामिल 3 कार्यकर्ताओं को सस्पेंड कर दिया गया है। वे हमारी विचारधारा का प्रतिनिधित्व नहीं करते और उनका बर्ताव जायज नहीं है।

राहुल की यात्रा के पांचवें दिन यानी 12 सितंबर को कांग्रेस ने अपने ट्विटर अकाउंट से खाकी की एक निक्कर की तस्वीर शेयर की थी। इसमें लिखा- देश को नफरत से मुक्त कराने में 145 दिन बाकी हैं। इस पर RSS ने कहा- इनके बाप-दादा ने संघ का बहुत तिरस्कार किया, लेकिन संघ रुका नहीं। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस पर सिख विरोधी दंगे भड़काने का आरोप लगाया।

यात्रा के दौरान तमिलनाडु के कन्याकुमारी में उन्होंने कैथोलिक पादरियों से मुलाकात की थी। इस दौरान जब उन्होंने पूछा कि जीजस क्राइस्ट ईश्वर का एक रूप हैं न? इस पर तमिल पादरी जॉर्ज पोन्नैया ने कहा- ‘ईसा मसीह ही असली भगवान हैं।’ इस बयान पर भी जमकर विवाद हुआ था।

तामिलनाडु में राहुल के कार्यक्रम से ज्यादा उनकी टीशर्ट चर्चा में रही। राहुल ने बरबेरी कंपनी की सफेद टीशर्ट पहनी थी। भाजपा ने उनकी फोटो ट्वीट करके लिखा- भारत देखो 41 हजार की टीशर्ट। इसके जवाब में कांग्रेस ने लिखा- अरे… घबरा गए क्या? भारत जोड़ो यात्रा में उमड़े जनसैलाब को देखकर। बाकी कपड़ों पर चर्चा करनी है तो मोदी जी के 10 लाख के सूट और 1.5 लाख के चश्मे तक बात जाएगी।

तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कुल 150 दिन और 3,570 किमी चलेगी। राहुल गांधी के साथ 119 यात्री हर रोज 7 घंटे पैदल चल रहे हैं। इस दौरान वे 20 से 22 किमी की दूरी तय करते हैं। यात्रियों में 32 महिलाएं भी हैं। सभी के रहने, खाने-पीने और आराम करने के इंतजाम भी साथ चलते हैं। यात्रा के लिए 50 हजार एप्लिकेशन आई थीं, इनमें से सिर्फ 119 को चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *