Gujaratराज्य

सूरत के पांडेसरा में पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया, 6 साल की बच्ची अपहरण से सुरक्षित बची और आरोपी गिरफ्तार

Gujarat News : गुजरात के सूरत जिले के पांडेसरा इलाके में 6 साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया था. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार किया. इस दौरान पुलिस ने रातभर लगातार सर्च अभियान चलाया. पुलिस की इस सफलता के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली.

यह घटना 31 मार्च की शाम की है, जब बच्ची की मां अपने घर में तीन बच्चों को छोड़कर काम पर गई थीं. लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी 6 साल की बेटी घर में नहीं है. तुरंत उन्होंने पांडेसरा पुलिस को सूचना दी और हेल्पलाइन 112 पर कॉल की.

युवक को बच्ची को साथ ले जाते हुए देखा गया

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई, जिसमें पांडेसरा के अलावा अल्थान और खटोदरा पुलिस भी शामिल हुई. सबसे पहले इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक युवक को बच्ची को साथ ले जाते हुए देखा गया.

स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान प्रदीप पाल के रूप में हुई. तकनीकी सर्विलांस, लोकेशन ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश तेज की गई. जांच में पता चला कि आरोपी परिवार और इलाके से परिचित था और बच्ची को बहला‑फुसलाकर अपने साथ ले गया था.

पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाया

सूरत के पांडेसरा इलाके में 6 साल की बच्ची के अपहरण के बाद पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाया. शुरुआती घंटों में सफलता नहीं मिली, लेकिन सुबह करीब साढ़े चार बजे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी को कंस्ट्रक्शन साइट की ओर जाते देखा गया. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वहां के वॉचमैन से पुष्टि की.

तलाशी अभियान के दौरान सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच आरोपी झाड़ियों के बीच एक पेड़ के नीचे सोया मिला, और बच्ची उसके साथ सुरक्षित थी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य और सुरक्षित पाई गई.

गंभीर घटना को टाला जा सका

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप पाल (33 वर्ष), बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला और सूरत में मजदूरी करता है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने बच्ची को गलत इरादे से अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की. पुलिस की समय पर कार्रवाई से किसी गंभीर घटना को टाला जा सका.

इस ऑपरेशन में पुलिस ने 40 से 45 सीसीटीवी कैमरों की जांच की. मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल करने की योजना है, ताकि आरोपी को सख्त सजा मिल सके. घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष भी है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- राघव चड्ढा बताएं, जनहित के मुद्दों पर मोदी सरकार के खिलाफ बोलने से क्यों डर रहे?- ”आप”

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button