Britain: लंदन में खालिस्तानी समर्थकों ने किया तिरंगे का अपमान, वीडियो वायरल

लंदन में भारतीय उच्चायोग पर लगे तिरंगे का अपमान करने का मामला सामने आया है। बता दें कि यह बेशर्मी भरा काम अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने किया है। खालिस्तानी समर्थक पहले भी कई बार तिरंगे का अपमान कर चुके हैं। जहां एक तरफ भारत में वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह पर मंडरा रहे बादलों से उसके समर्थक डरे हुए हैं तो वहीं दूसरी तरफ लंदन में भी अमृतपाल के समर्थक बौखलाए गए हैं।
तिरंगे का किया अपमान
लंदन में स्थित भारतीय उच्चायोग पर रविवार (19 मार्च) को खालिस्तानी समर्थकों का एक समूह पहुंचा। इस दौरान उन्होंने उच्चायोग की इमारत में तोड़फोड़ की। उन्होंने अमृतपाल सिंह जिन्दाबाद और खालिस्तान जिन्दाबाद के नारे लगाए। अमृतपाल सिंह की तस्वीर वाले पोस्टर में लिखा कि फ्री अमृतपाल सिंह, वी वॉन्ट जस्टिस, वी स्टैंड विद अमृतपाल सिंह।
इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि यह वीडियो कितना सही है या नहीं हिन्दी ख़बर इसकी पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि खालिस्तानी समर्थक लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर भारत सरकार मुर्दाबाद और खालिस्तान व अमृतपाल सिंह जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति उच्चायोग पर लगे तिरंगा का अपमान करता है और तिरंगे को उतारकर फेंक देता है और खालिस्तान का झंडा लगा देता है।
इस प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। लेकिन नफरत के बीज बो रहे इन लोगों के मन में ज़रा भा खौफ नहीं था लगातार पुलिस के सामने ही ‘भारत सरकार शर्म करो, शर्म करो’ के नारे लगाते रहे। लंदन में भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ के बाद भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने ट्वीट कर घटना की निंदा भी की।
उच्चायोग पर लहराया विशाल तिरंगा
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने खालिस्तानियों को कड़ा जवाब देते हुए एक विशाल तिरंगा उच्चायोग पर लहरा दिया है। भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी ने गजब की हिम्मत दिखाते हुए खालिस्तानियों का विरोध किया और खालिस्तानी झंडे को फहराने की कोशिश कर रहे युवक से खालिस्तानी झंडा लेकर फेंक दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है और लोग भारतीय उच्चायोग के अधिकारी की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। वहीं घटना के बाद खालिस्तानियों को कड़ा जवाब देते हुए भारतीय उच्चायोग पर एक विशाल तिरंगा झंडा फहराया गया है।
विदेश मंत्रालय ने किया तलब
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए भारत में ब्रिटिश उच्चायोग के वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया। विदेश मंत्रालय की तरफ से इस मामले को लेकर प्रेस विज्ञप्ती भी जारी की गई है, जिसमें जानकारी दी गई है कि लंदन में भारतीय उच्चायोग के खिलाफ अलगाववादी और चरमपंथी तत्वों द्वारा किए गए प्रदर्शन पर भारत के मजबूत विरोध को व्यक्त करने के लिए दिल्ली में ब्रिटेन के सबसे वरिष्ठ राजनयिक को आज देर शाम तलब किया गया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन के बाहर सिखों का प्रदर्शन, लंदन में तिरंगे के अपमान का किया विरोध