जापान में शक्तिशाली भूकंप से सामने आई तबाही की तस्वीरें, बुलेट ट्रेन भी पटरी से उतरी

Japan Earthquake: जापान में बुधवार रात को जबरदस्त भूकंप आया। भूकंप से अबतक 2 लोगों की मौत की खबर है। भूकंप राजधानी टोक्यो से नजदीक बताया जा रहा है। भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वहां की बुलेट ट्रेन पटरी से नीचे उतर गई।

भूकंप की तीव्रता सामान्य से ज्यादा है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.3 मापी गई थी। बताया जा रहा है कि भूकंप बुधवार रात 8.06 बजे (भारतीय समयानुसार) आया। भूकंप का केंद्र टोक्यो से 297 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बताया गया।

जापान के मौसम विभाग के मुताबिक, भूकंप का केंद्र समुद्र से 60 किलोमीटर गहराई में स्थित था। मियागी और फुकुशिमा में भूकंप के झटके ज्यादा महसूस किए गए। दोनों प्रांतों में लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। पुकुशिमा में भूकंप से लोगों की मौत हो गई।

भूकंप से जापान की बुलेट ट्रेन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। बुलेट ट्रेन ऑपरेटर कंपनी के मुताबिक, तोहोकू में बुलेट ट्रेन पटरी से नीचे उतर गई। बताया जा रहा है कि उस वक्त बुलेट ट्रेन में 100 यात्री सवार थे। ओसाकी का तोहोकू एक्सप्रेसवे, मियागी का प्रीपेक्चर और सोमा, फुकुशिमा का जोबन एक्सप्रेसवे भी क्षतिग्रस्त हो गया है।