Jaipur Road Accident : राजस्थान में जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें सपोटरा थाने के सब-इंस्पेक्टर हनुमान मीणा की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में दो कॉन्स्टेबल समेत कुल तीन लोग घायल हुए हैं. घायलों को दौसा के रामकरण जोशी राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह हादसा सुबह करीब 5 बजे जयपुर ग्रामीण जिले के नांगल बेला इलाके के पास हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई. कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे. इस हादसे में हनुमान मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. कार चालक को कोई चोट नहीं आई.
ड्राइवर की नींद हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, हनुमान मीणा अपनी पुलिस टीम के साथ मेरठ से दिल्ली होते हुए जयपुर लौट रहे थे. शुरुआती जांच में पता चला है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार नियंत्रण से बाहर हो गई और ट्रेलर में जा घुसी.
हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायल कॉन्स्टेबल कजोड़ जाट, रामराज बैरवा और रामनरेश मीणा का इलाज अभी दौसा अस्पताल में चल रहा है.
ये भी पढ़ें- राघव चड्ढा बताएं, जनहित के मुद्दों पर मोदी सरकार के खिलाफ बोलने से क्यों डर रहे?- ”आप”
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









