
Congress Hoarding Controversy : कांग्रेस के बेलगावी अधिवेशन में पोस्टर पर लगे भारत के नक्शे को लेकर देशभर में राजनीति गरमा गई है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि पोस्टर में कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है।
कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। हालांकि यह बैठक अपने आयोजन से पहले ही विवाद में फंस गई है। दरअसल बैठक के लिए जो बैनर पोस्टर लगाए गए हैं, उनमें भारत का गलत नक्शा दिखाया गया है। नक्शे में जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दर्शा दिया गया है। इसे लेकर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
अमित मालवीय ने एक्स पर किया पोस्ट
भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट किया कि, अपने बेलगावी कार्यक्रम में, कांग्रेस ने अपने सभी होर्डिंग्स पर भारत का एक विकृत नक्शा लगाया है, साथ ही सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सहित अन्य लोगों की तस्वीरें लगाई हैं, जिसमें कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है। यह कोई गलती नहीं हो सकती। यह एक बयान है। यह उनकी तुष्टीकरण की राजनीति का हिस्सा है, जो मानता है कि भारतीय मुसलमान भारत की तुलना में पाकिस्तान के प्रति अधिक वफादार हैं।
उन्होंने एक्स पर लिखा, कश्मीरी आजादी की वकालत करने वाले जॉर्ज सोरोस द्वारा वित्त पोषित फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स इन एशिया पैसिफिक (FDL-AP) फाउंडेश की सह-अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी का चुना जाना कोई संयोग नहीं बल्कि कांग्रेस का दृढ़ विश्वास है। उन्होंने कहा, कांग्रेस नई मुस्लिम लीग है, यह भारत को फिर से तोड़ना चाहता है।
बताते चले कि कर्नाटक के बेलगावी अधिवेशन के बैनरों में जो भारत का मानचित्र छपा है उनमें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन का क्षेत्र गायब कर दिया गया है। जिसे लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है।
कांग्रेस का बेलगावी अधिवेशन क्या है?
बता दें कि साल 1924 में महात्मा गांधी की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर पर कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक के बेलगावी में सीडब्ल्यूसी की विशेष बैठक आयोजित की है। बेलगावी में ही 100 साल पहले महात्मा गांधी ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अध्यक्षता की थी।
पूर्व सीएम बसवराज बोम्मई ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी के सांसद और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कांग्रेस के बेलगावी कार्यक्रम पर निशाना साधा है, उन्होंने कहा कि “यह दो अलग कांग्रेस हैं, यह जनविरोधी, राष्ट्र विरोधी कांग्रेस है और वह राष्ट्रवादी कांग्रेस थी। इन लोगों को जश्न मनाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, लेकिन वे जश्न मना रहे हैं।”
यह भी पढ़ें : 17 बच्चों को मिलेगा राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप