Tamil Nadu: भाजपा नेता अन्नामलाई के खिलाफ केस दर्ज

भाजपा नेता अन्नामलाई के खिलाफ केस दर्ज
तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई की एक चर्च में जाने को लेकर विवाद हुआ था। अब धर्मपुरी पुलिस ने भाजपा नेता पर मामला दर्ज किया है। भाजपा नेता अन्नामलाई के खिलाफ धर्मपुरी जिले के बोम्मीडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है, जो धारा 153(A), 504, 505(2) के तहत है। Annamlai पर धार्मिक कारणों से दो समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने का आरोप लगाया गया है।
पूरा मामला जानिए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई राज्य में ‘एन मन, एन मक्कल’ यात्रा निकाल रहे हैं। इसी यात्रा के दौरान अन्नामलाई 8 जनवरी को धर्मपुरी जिले के पपिरेदिपट्टी गांव में स्थित मदर मैरी के चर्च में मदर मैरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। इस पर ईसाई समुदाय के कुछ युवाओं ने अन्नामलाई को चर्च में दाखिल होने से रोका। युवाओं ने आरोप लगाया कि मणिपुर में ईसाई समुदाय के लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। हालांकि अन्नामलाई ने युवाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन युवा नहीं माने तो वहां हंगामे की स्थिति बन गई।
इसके बाद पुलिस ने विरोध कर रहे युवाओं को वहां से हटाया और फिर अन्नामलाई ने मदर मैरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। ईसाई समुदाय को युवाओं और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक ईसाई युवा अन्नामलाई से कह रहा है कि ‘हमारे जैसे ईसाई लोग मणिपुर में मारे जा रहे हैं। मैं हाथ जोड़कर आपसे कह रहा हूं कि यह एक पवित्र जगह है और आप प्रतिमा पर माल्यार्पण नहीं कर सकते।’
दोनों पक्षों ने विवाद किया
इस पर अन्नामलाई ने युवाओं को समझाते हुए कहा कि ‘मणिपुर में मुद्दा ईसाई नहीं हैं बल्कि यह दो जनजातियों के बीच की लड़ाई है। जनजातीय आरक्षण के मुद्दे पर एक जनजाति दूसरे के खिलाफ है। दोनों समुदायों में हिंदू और ईसाई दोनों शामिल हैं। आपको समझना पड़ेगा कि यह राजनीति के लिए किया जा रहा है।’ जब युवा अन्नामलाई से बहस करते रहे तो उन्होंने कहा कि ‘डीएमके के कार्यकर्ता की तरह बात मत करो।’ इस पर प्रदर्शनकारी युवाओं ने नाराजगी जताई और कहा कि वह डीएमके के कार्यकर्ता नहीं हैं। इस दौरान अन्नामलाई ने कहा कि ‘सभी को चर्च में आने का अधिकार है और आप मुझे यहां आने से नहीं रोक सकते।’