
नई दिल्ली। हमारे जीवन में प्लास्टिक का उपयोग काफी ज्यादा है। प्लास्टिक हमारे और पर्यावरण के लिए हानिकारक है यह बात सब जानते है। बावजूद इसके बैग से लेकर चाय के कप तक आज प्लास्टिक का उपयोग हर चीज में किया जाता है। रोजर्मरा की जिंदगी में हम प्लास्टिक के यूज के इतने अधिक आदि हो गए हैं कि यह जानते हुए भी कि ये हमारे स्वास्थ्य से लेकर हमारे पर्यावरण तक के लिए यह घातक है हम इसका उपयोग बंद नहीं कर पाते है।
प्लास्टिक से होने वाले नुकसान और इसके बढ़ते उपयोग को रोकने के लिए ही ‘इंटरनेशनल प्लास्टिक बैग फ्री डे’ (International Plastic Bag Free Day) मनाया जाता है। आज यानि की 3 जुलाई को इसे दुनिया भर में मनाया जा रहा है। इस दिवस का मकसद प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण और इसके प्रकृति पर होने वाले घातक परिणामों के प्रति लोगों को जागरुक करना है।
कोई भी इस बात से अनजान नहीं है कि प्लास्टिक हमारे लिए कितनी हानिकारक है। अन्य पदार्थ जहां मिट्टी में मिल जाते हैं, वहीं प्लास्टिक सदियों तक नहीं गलता। यह मिट्टी, पानी आदि में मिल कर उसे दूषित करता है। बैग के रूप में प्लास्टिक का इस्तेमाल काफी अधिक होता है और एक या दो बार के बाद ही उन बैग्स को फेंक दिया जाता है। इसका नुकसान मासूम पशु-पक्षियों से लेकर पर्यावरण तक को हो रहा है। इससे आने वाली पीढ़ियों का जीवन काफी प्रभावित होगा।
अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस दुनिया भर में प्लास्टिक बैग के एकल उपयोग से छुटकारा पाने के एकमात्र उद्देश्य से मनाया जाता है। यह हम सभी को प्लास्टिक बैग के उपयोग से दूर रहने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को चुनने के लिए प्रोत्साहित करके पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के बारे में है।
इस दिन लोग व्यक्तिगत तौर पर प्लास्टिक की गंभीर समस्या से निपटने के लिए लोगों को संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए बैठकें, बहस, सामाजिक चर्चा आयोजित करते हैं ताकि लोग जागरुक हो और दुनिया प्लास्टिक मुक्त होने की तरफ अग्रसर हो। पर्यावरण को प्लास्टिक की थैलियों से मुक्त करने के लिए लोग इस दिन समुद्र तट पर स्वच्छता अभियान, महासागर स्वच्छ अभियान और बहुत कुछ शुरू करते हैं। प्लास्टिक मुक्त दुनिया की ओर एक कदम बढ़ाते हैं।
ऐतिहासिक रूप से ये ज़ीरो वेस्ट यूरोप के बैग फ्री वर्ल्ड की ओर से शुरू किया गया प्लास्टिक-मुक्त अभियान दुनिया भर के लोगों को जागरूक करने के लिए एक वैश्विक पहल बन गया है। प्लास्टिक बैग के बजाय पेपर बैग या कपड़े के बैग जैसे पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने और एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक बैग से छुटकारा पाने के लिए 3 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के रूप में नामित किया गया है।