Advertisement

Ballia: विपक्षियों का घोषणा पत्र देश के साथ गद्दारी करने वालाः CM योगी

Ballia: विपक्षियों का घोषणा पत्र देश के साथ गद्दारी करने वालाः CM योगी

Share
Advertisement

Ballia: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिलचिलाती गर्मी में उमड़े बलियावासियों के जोश और उत्साह का अभिनंदन किया। बोले कि बलिया अब विकास के लिए नहीं तरसता है। आपने भारतीय जनता पार्टी को वोट दिया है, इसलिए तेजी से विकास, सुरक्षा, सम्मान व गरीब कल्याण योजनाएं लागू हो रही हैं। हमारी सरकार ने यहां राजकीय पॉलीटेक्निक, राजकीय महाविद्यालय, इंटर कॉलेज दिया है। नौरंगा में प्रत्येक घर में सोलर लाइट देने की कार्रवाई के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। बस स्टैंड भी बन रहा, मेडिकल कॉलेज, वॉटर वे निर्माण और बाढ़ बचाव के लिए कार्य भी तेजी से हो रहे हैं। भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की विरासत को बढ़ाने के लिए नीरज शेखर को प्रत्याशी बनाकर उतारा है। विश्वास है कि भाजपा बलिया की सीट जीतकर 4 जून को 400 पार करेगी।

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बाबा लक्ष्मण दास इंटर कॉलेज मैदान बैरिया में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद व बलिया से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी नीरज शेखर को जिताने की अपील की। सीएम योगी ने स्वतंत्रता समर के महानायक मंगल पांडेय और वीर चित्तू पांडेय को भी याद किया। पूर्व प्रधानमंत्री को नमन कर बोले कि चंद्रशेखऱ जी ने बलिया की पहचान को दुनिया के सामने रखा।

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के लिए कार्य कर रही राष्ट्रभक्तों की टीम

सीएम योगी ने कहा कि पूरा चुनाव रामभक्तों व रामद्रोहियों के बीच सिमट गया है। रामद्रोही रामभक्तों पर गोली चलाते हैं। आतंकियों-नक्सलियों के प्रति सहानुभूति रखते हैं। इन्हें भारत के विकास पर पीड़ा होती है। गरीब कल्याणकारी योजनाएं अच्छी नहीं लगती। गरीबों का शोषण करना ही इनका धर्म बन गया है। वहीं रामभक्तों की टीम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ बनाने के लिए कार्य कर रही है। 500 वर्ष बाद अयोध्या में न सिर्फ रामलला विराजमान हुए, बल्कि जन्मोत्सव मनाया और होली भी खेली। आज अयोध्या त्रेतायुग की नजर आएगी। राममंदिर का निर्माण सपा-कांग्रेस नहीं कर सकती। यह विकास, गरीब कल्याण, सुरक्षा नहीं दे सकते, हर बड़ा माफिया इनका सरपरस्त होता है।

नागरिकों को सुरक्षा देने सरकार का दायित्व

सीएम योगी कांग्रेस-सपा पर बरसे। बोले कि इनकी सरकार के समय सुबह अखबार की पहली खबर भ्रष्टाचार की होती थी और शाम होते-होते आतंकी घटनाओं की खबर आती थी। हम लोग आतंकियों पर कार्रवाई की बात करते थे तो यह कहते थे कि आतंकी सीमापार के हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में नक्सली व आतंकी संगठन को दस वर्ष में समाप्त कर दिया गया। सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और कार्रवाई से आतंकवाद समाप्त हो गया। प्रदेश में भी सिर उठाकर और राहगीरों को गोली मारने वाले माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। नागरिकों को सुरक्षा देना सरकार का दायित्व है।

बलिया ने कभी गुलामी स्वीकार नहीं की

सीएम ने कहा कि पाकिस्तान को पता है नया भारत छेड़ता नहीं, छेड़ने वाले को छेड़ता भी नहीं है। बलिया से ज्यादा यह भाषा कौन समझ सकता। बलिया ने कभी गुलामी स्वीकार ही नहीं की। देश 1947 में आजाद हुआ और बलिया ने खुद को 1942 में ही आजाद घोषित कर लिया था। विकास के भी अनेक कार्य हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लिंक एक्सप्रेसवे बलिया तक जाएगा। इस कार्य तेजी से चल रहा है। फोरलेन कनेक्टिविटी, बाढ़ की समस्या का समाधान, बलिया में उत्पादित सब्जी दुनिया के बाजार में जा रही है। चंद्रशेखर जी ने गांव में जो हॉस्पिटल उन्हें बनवाया था, हमारी सरकार ने उसे प्रारंभिक रूप से चालू कर दिया है।

इंडी गठबंधन का घोषणा पत्र देश के साथ गद्दारी करने वाला

सीएम ने कहा कि भाजपा व सहयोगी दल विकास और विरासत का सम्मान करते हैं। कांग्रेस व उनके सहयोगी दल तृणमूल, राजद व सपा जनभावनाओं से खिलवाड़ करती है। तृणमूल बंगाल में साधु-संतों को धमकी दे रही है। कह रही है कि धर्म की बात क्यों करते हो, यदि साधु-संत धर्म की बात नहीं करेंगे तो क्या करेंगे। इनका घोषणा पत्र देश के साथ गद्दारी करने वाला है। यह लोग घोषणा पत्र के माध्यम से कहते हैं कि सत्ता में आएंगे तो मुसलमानों को आरक्षण देंगे यानी यह पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति का आरक्षण काटकर देंगे।

भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देगी। यह कहते हैं कि सत्ता में आने पर पर्सनल लॉ लागू करेंगे यानी भारत के अंदर तालिबानी शासन लगाएंगे। इसका मतलब बेटी स्कूल नहीं जा पाएगी, महिलाएं घरों में कैद हो जाएंगी। हम भारत के अंदर सरिया कानून लागू नहीं होने देंगे। यह सत्ता में आने पर अल्पसंख्यकों को खानपान की स्वतंत्रता की बात कह रहे हैं। मुसलमान गोमांस खाने की बात कहता है, लेकिन हिंदू गाय को मां मानते हैं। हम गोकशी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

जनसभा में बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह ‘मस्त’, विधायक व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह ‘पप्पू’, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, आनंद स्वरूप शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक संजय यादव, सुरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, पूर्व सांसद भरत सिंह, लोकसभा प्रभारी मारकंडेय शाही, लोकसभा संयोजक राजीव मोहन चौधरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुनीता श्रीवास्तव आदि की मौजूदगी रही।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस-राजद अपने वोटबैंक को धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती हैं, बिहार में गरजे PM मोदी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरें