Advertisement

32वें ओलम्पिक खेलों का उद्घाटन आज जापान की राजधानी टोक्यो में होगा, नए खेल होंगे शामिल

Share
Advertisement

नई दिल्ली: जापान की राजधानी टोक्यो में आज 32वें ओलंपिक खेलों (Olympic Games) का पारंपरिक और औपचारिक रूप से उद्घाटन होगा। भारतीय समय के अनुसार यह उद्घाटन समारोह शाम 4 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। सूत्रों के अनुसार यह मुख्‍य कार्यक्रम तोक्‍यो में नव-निर्मित नेशनल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यह उद्घाटन समारोह कोविड COVID19 महामारी के कारण सादगी के साथ आयोजित किया जा रहा है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार इस समारोह में जापान के सौन्‍दर्य और संस्‍कृति को दर्शाया जायेगा। कोविड को ध्‍यान में रखते हुए समारोह में केवल 950 लोग ही हिस्‍सा ले रहे हैं। जिनमें खिलाडि़यों और अधिकारियों के अलावा अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति शामिल होंगे। आधुनिक तकनीकी से सुसज्जित नेशनल स्‍टेडियम घोंसले के आकार का है और इसमें 68 हजार दर्शकों के बैठने की व्‍यवस्‍था है।

खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं

मालूम हो कि कोविड महामारी के चलते इस समारोह और खेल आयोजनों का आयोजन बिना दर्शकों के किया जाएगा। इस बार ओलम्पिक में 42 खेल स्थलों पर 33 खेल आयोजन हो रहे हैं, जिसमें 206 देशों के 11 हजार से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था अच्छी तरह से सुसज्जित टोक्यो स्पोर्ट्स विलेज में की गई है, जिसमें 21 आवासीय टावर बनाए गए हैं और उनमें 26,000 से अधिक बेड हैं।

दरअसल, इस साल के ओलंपिक खेलों में पर्यावरण का खास ख्याल रखा गया है और ओलंपिक के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित ईंधन का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। टोक्यो में खिलाड़ियों को दिए जाने वाले पदकों की विशेषता यह है कि इन्हें छह हजार से अधिक पुराने मोबाइल फोन को रिसाइकिल करके तैयार किया गया है। खेल के इस महाकुंभ में भारत के 127 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिसमें 71 पुरुष और 56 महिलाएं शामिल हैं।

भारतीय खिलाड़ियों ने भी लिया हिस्सा

गौरतलब है कि भारत की छह बार की विश्व चैंपियन महिला मुक्केबाज एम सी मैरी कॉम और हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे। समारोह में भारत के 20 खिलाड़ी और छह अधिकारी शामिल होंगे। इस बार तोक्‍यो में चार नए खेलों को शामिल किया जा रहा है, जिनमें स्‍केट बोर्ड, सर्फिंग, स्‍पोर्ट्स क्‍लाइंबिंग और कराटे हैं। ओलिम्पिक खेलों का समापन समारोह आठ अगस्‍त को नेशनल स्‍टेडियम से ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *