Uttarakhand: नवरात्रि में नियुक्ति पत्र वितरण को बताया सुखद संयोग, सीएम ने दिए पत्र

देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रोजगार सृजन कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य कार्यकताओं को नियुक्ति पत्र दिए। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन नियुक्ति पत्र पाई महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री ने बधाई दी। सीएम ने कहा कि जिन महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिला है, वो ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को चिकित्सा सेवा देने में अहम भूमिका निभाएंगी।
देहरादून में मुख्य सेवा सदन में स्वास्थ्य रोजगार सृजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला, एएनएम के नियुक्ति पत्र दिए। एएनएम के 824 नियुक्ति पत्र दिए गए। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नवरात्रि के पहले दिन स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला के नियुक्ति पत्र दिए जाने को सुखद संयोग बताया। सीएम धामी ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़कर सेवा दे रही हैं और प्रदेश सरकार भी महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम ने कहा कि महिलाओं को 30 फीसदी क्षैतिज आरक्षण और बजट में महिला सशक्तीकरण के लिए विशेष प्रावधान इसी लिहाज से उठाए गए कदम हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि नवनियुक्त NNS अब दूर दराज के इलाकों में महिलाओं को चिकित्सा सेवा मुहैया कराने पर खास फोकस करें। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने में महिलाओं से सहयोग की अपील की। सीएम ने कहा कि राज्य निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका रही है और श्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने का संकल्प भी महिलाओं के सहयोग से ही पूरा किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand: चैत्र नवरात्र के पहले दिन प्रदेश के मंदिरों में देवी भक्तों का उमड़ा सैलाब