Prayagraj: निकाय चुनाव में प्रत्याशियों के समर्थकों ने खाया 40 लाख का खाना, जानें खर्च का ब्योरा

उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के नतीजे सामने आने क बाद, भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद के लिए हुए चुनाव में प्रदेश की सभी नगर निगम सीटो पर कब्जा जमा लिया है। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत की सभी सीटों पर अपने विपक्षियों को बहुत पीछे छोड़ दिया है। अब सभी प्रत्याशियों को चुनाव में हुए खर्च का ब्योरा 13 जून तक शासन में जमा करना है।
उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में प्रयागराज में करीब एक महीने तक प्रत्याशियों के समर्थकों ने खूब मौज काटी है। उनके चुनाव कार्यालय में सुबह के नाश्ता से लेकर लंच और डिनर तक किया। इस दौरान करीबन 40 लाख की पूड़ी-सब्जी और 9 लाख रुपये के पान मसालों का खर्च सामने आया है। प्रयागराज में 1,514 उम्मीदवारों में 1,468 ने चुनावी खर्च का जो विवरण दिया, उसमें यह सामने आया है। पार्षद उम्मीदवारों ने 5.5 करोड़ रुपये खर्च करने का विवरण दिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष और सदस्य प्रत्याशियों ने 42 लाख रुपये खर्च की जानकारी दी है।
मुख्य कोषाधिकारी शिवेन्द्र सिंह ने बताया कि निकायों के प्रत्याशियों के चुनाव खर्च जमा होने लगे हैं। ज्यादातर उम्मीदवारों ने हिसाब दे दिये हैं। जिन लोगों ने नहीं दिए, उन्हें नोटिस भेजा जा रहा है। वाहनों और भोजन पर सबसे ज्यादा खर्च हुआ है।
नगर निगम के महापौर पद पर 21 तथा 100 वार्डों में पार्षद पद के लिए इस बार कुल 909 प्रत्याशी मैदान में थे। इसी तरह जिले की 8 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 64 और सदस्य पद के लिए 520 उम्मीदवार थे। चुनाव में महापौर प्रत्याशी 40 लाख रुपये, पार्षद प्रत्याशी 3 लाख रुपये खर्च कर सकते थे। नगर पंचायत अध्यक्ष 2.5 लाख रुपये तो सदस्य पद के उम्मीदवार 50 हजार रुपये चुनाव में खर्च कर सकते थे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने खर्च के लिए 55 से ज्यादा सामानों के दाम भी तय किए थे। चाय, समोसा, पूड़ी-सब्जी के पैकेट, भोजन, होटल के कमरे, कार समेत अन्य वाहनों के खर्च के रेट निर्धारित किए गए थे। इसी के मुताबिक प्रत्याशियों को खर्च का ब्योरा जमा करना को कहा गया था। अब प्रत्याशिओं की ओर से खर्च का विवरण जमा होने लगा है। 3 टर्म में हिसाब देना था, जिसमें अब तक 1468 प्रत्याशायों ने दूसरे टर्म तक का हिसाब दे दिया है।