देर रात टैक्टर ने ऑटो में मारी टक्कर, माँ बेटी सहित 3 की मौत

उत्तर प्रदेश के औरैया में बीती रात लगभग दो बजे मुरादगंज – फफूंद मार्ग पर एक रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ऑटो में सामने से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में ऑटो सवार सात लोग घायल हो गये। घायलावस्था में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गया। जहाँ डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडीकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव ऊंचा की रहने वाली सरगम देवी पुत्री कुँवर चन्द्र की रात में अचानक तबियत खराब हो गयी। जिसके बाद उसे रात में मुरादगंज स्थित डॉ देवेंद्र के यहाँ ले गये। दवा दिलाने के बाद सभी लोग ऑटो से वापस घर लौट रहे थे। तभी मुरादगंज – फफूंद मार्ग पर महाराजपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो में ज़ोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में ऑटो सवार सभी लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायल अवस्था मे सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों की टीम ने सोनदई, सरगम और संगीता को मृत घोषित कर दिया और अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज सैफई रेफ़र कर दिया। वहीं पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।