Dev Deepawali 2022: काशी में आज भव्य तरीके से मनाई जाएगी ‘देव दीपावली’, शिव की नगरी में गंगा तट पर जगमगाएंगे 10 लाख दीये
Varanasi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लिए गए संकल्प से अयोध्या के दीपोत्सव के बाद अब काशी की देव दीपावली इस वर्ष भी भव्यतम रूप से आज मनाई जाएगी। आज पूरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देवाधिदेव महादेव की नगरी में देव दीपावली का पर्व काफी उल्लास और खुशियों के साथ मनाया जाएगा। वहीं मां जाह्नवी के अर्धचन्द्राकार घाटों पर आज शाम पांच बजकर 15 मिनट के बाद 10 लाख दीप जलाकर योगी सरकार दिव्य और भव्य देव दीपावली महोत्सव का काशी में शुभारंभ करेगी।
भव्य होगी काशी की ‘देव दीपावली’
हालांकि देव दीपावली महोत्सव को देखते हुए वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को आकर्षक ढंग से भी सजाया गया है। बता दें काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद ये पहली देव दीपावली है। वहीं सरकार ने भी इस बार के देव दीपावली के अवसर पर जल, थल और नभ से काशी नगरी की सुरक्षा के इंतजाम भी किये गये हैं। इसी के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से रूट डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है।
#WATCH उत्तर प्रदेश: देव दीपावली से एक दिन पहले राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के नमो घाट का नांव से निरीक्षण किया। pic.twitter.com/1jKn3S64OT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 6, 2022
3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए होगी प्रस्तुति
इस साल पहली बार काशी के ऐतिहासिक घाट की दीवार पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से धर्म का व्याख्यान किया जाएगा। वहीं इसके जरिए काशी आने वाले पर्यटकों को मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण व देव दीपावली की कथा सुनने को भी मिलेगा। हालांकि गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के माध्यम से भगवान शिव के भजन की प्रस्तुति भी होगी। वहीं 20 मिनट का शो कई बार दिखाया जाएगा, जिससे देव दीपावली पर वाराणसी के घाटों पर आने वाले सभी श्रद्धालु देख सकेंगे। इस शो का होगा आयोजन चेत सिंह घाट पर हर बार की तरह किया जाएगा।