पंजाब में जीत के बाद बोले केजरीवाल- खुशहाल पंजाब बनाएंगे, लेकिन भगवंत मान के बारे में कही यह बात

पंजाब में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत हुई है। जीत के तीन दिन बाद रविवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तीन करोड़ पंजाबियों ने एक क्रांति की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि पंजाब को हम खुशहाल पंजाब बनाएंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के बारे में कहा कि सालों बाद पहली बार पंजाब को एक ईमानदार मुख्यमंत्री मिला है। इससे पहले भगवंत मान ने शहर के सबसे पवित्र सिख और हिंदू धर्मस्थलों में जाकर पूजा की। उसके बाद विजय रोड शो किया गया।
रोड शो में भगवंत मान ने पार्टी को राज्य में प्रचंड जीत दिलाने के लिए लोगों को धन्यवाद भी दिया। केजरीवाल ने कहा, “तुसी कमाल कर दिता। आई लव यू पंजाब। पूरी दुनिया जानती है कि पंजाबी क्रांति लाते हैं, लेकिन फिर भी विश्वास नहीं कर सकते थे कि यह राज्य ऐसा अविश्वसनीय ‘इंकलाब’ स्वीप कर सकता है।”
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘सभी हार गए, सुखबीर जी, प्रकाश सिंह बादल जी, मनप्रीत बादल हारे, चन्नी दोनों सीटों पर हारे, मजीठिया जी, नवजोत सिंह सिद्धू जी ने भी हार का स्वाद चखा।’
उन्होंने कहा, ‘अब सारा पैसा पंजाब और उसके लोगों पर खर्च किया जाएगा। हम सभी गारंटी को पूरा करेंगे और ‘रंगला’ या खुशहाल पंजाब बनाएंगे।’
बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीती हैं। आम आदमी पार्टी का वोट शेयर बढ़कर 20 से 42.5 प्रतिशत हो गया। इससे पहले भगवंत मान ने राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
भगवंत मान ने घोषणा की है कि वह 16 मार्च को शहीद भगत सिंह नगर जिले के स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।
मीडिया को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि हमने राज्यपाल को शपथ ग्रहण समारोह के स्थान और समय के बारे में भी बताया। मैंने पंजाब के सभी लोगों को इस ऐतिहासिक अवसर पर खटकर कलां आने के लिए आमंत्रित किया है। 16 मार्च को हम और हमारे मंत्री ही नहीं, पंजाब के सभी लोग पंजाब को फिर से समृद्ध बनाने की शपथ लेंगे। हम सब मिलकर पंजाब को समृद्ध बनाएंगे।