Maharashtra News: NDRF की कड़ी मेहनत के बाद भी नहीं बच पाया 5 साल का मासूम

महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक खेत में खुले बोरवेल में गिरे पांच साल के बच्चे की मंगलवार सुबह मौत हो गई। मासूम को बचाने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) ने हर संभव प्रयास किए, लगातार ऑपरेशन चलाए जाने के बाद भी बच्चे की जिंदगी को नहीं बचाया जा सका।एनडीआरएफ ने सोमवार शाम को बचाव अभियान शुरू किया था।
बोरवेल में गिरे सागर की मौत
स्थानीय पुलिस के अनुसार, सागर का परिवार मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से अस्थायी रूप से अहमदनगर चला गया था। परिवार एक गन्ना काटने वाले ठेकेदार के यहां काम करता था। सोमवार शाम 4 बजे के आसपास सागर बोरवेल में गिर गया। ऐसा अनुमान लगाया गया कि हो सकता है कि खेलते समय वह बंद पड़े बोरवेल में गिर गया हो, जिसके बाद वह करीब 15 फीट की गहराई में फंस गया था। एक अधिकारी ने कहा कि ऑपरेशन को अब बंद कर दिया गया है, क्योंकि लड़के का निधन हो गया है। बोरवेल लगभग 200 फीट गहरा है। ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल पर एक एंबुलेंस और अन्य चिकित्सा सहायता तैयार रखी गई, लेकिन सागर को सकुशल नहीं निकाला जा सका।
हापुड़ में कड़ी मशक्कत के बाद बचाई थी एक जिंदगी
इसी तरह जनवरी में उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को बचाया गया था। यहां भी बच्चा बोरवेल के पास खेल रहा था, तभी वह अंदर गिर गया। एनडीआरएफ ने इस बचाव अभियान का भी नेतृत्व किया था, जो करीब चार घंटे तक चला था। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को बचाने के लिए ऑपरेशन शुरू किया। जिला मजिस्ट्रेट मेधा रूपम ने समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, ‘बोरवेल के अंदर ऑक्सीजन और भोजन भेजा गया था।’