Advertisement

प्लेन से तीर्थ कराने वाला MP देश का पहला राज्य, सरकारी खर्च पर यात्रा के लिए 32 बुजुर्गों ने उड़ान भरी

Share
Advertisement

मध्यप्रदेश सरकारी खर्च पर हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कराने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। भोपाल एयरपोर्ट से रविवार सुबह 9.45 बजे प्रयागराज के लिए 32 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों ने इंडिगो की फ्लाइट से उड़ान भरी। 1 घंटे में 10.50 पर सभी प्रयागराज में लैंड हुए। यह यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कराई जा रही है। 19 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा में 25 जिलों के बुजुर्गों को प्रयागराज, शिर्डी, मथुरा-वृंदावन और गंगासागर ले जाया जाएगा। रविवार को पहली ट्रिप में भोपाल के यात्री तीर्थ दर्शन के लिए गए हैं।

Advertisement

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद बुजुर्गों को छोड़ने एयरपोर्ट तक आए। उन्होंने कहा, ‘राम की कृपा से आप तीर्थों के दर्शन करेंगे और हमें व प्रदेश को आपका आशीर्वाद मिलेगा।’ इस मौके पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की, ‘अगली बार बुजुर्ग जोड़ों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। अभी एक परिवार से एक ही सदस्य जाता है। अगली फ्लाइट में दादा भी जाएंगे और दादी भी जाएंगी।’ अपर मुख्य सचिव गृह एवं धर्मस्व डॉ. राजेश राजौरा के मुताबिक प्रदेश के बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को रेल मार्ग से यात्रा कराने वाला पहला राज्य भी मध्यप्रदेश रहा है। अब मुख्यमंत्री प्रदेश के बुजुर्गों को हवाई जहाज से देश में पहली बार तीर्थ दर्शन कराने जा रहे हैं।

इस तीर्थ यात्रा में 24 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। उनके साथ एक अनुरक्षक (एस्कॉर्ट) भी है। तीर्थ यात्रियों की मदद के लिए भोपाल एयरपोर्ट पर एक काउंटर विशेष रूप से बनाया गया था। ट्रेन से इस तीर्थ यात्रा में 4 से 5 दिन का समय लगता है। हवाई यात्रा से यह सफर 24 से 36 घंटे में पूरा हो जाएगा। निजी खर्च पर भोपाल से प्रयागराज की हवाई यात्रा की जाए, तो एक यात्री पर एक तरफ से करीब साढ़े 3 हजार रुपए खर्च होंगे। तीर्थ यात्रा पर रवाना होने से पहले बुजुर्ग यात्रियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर खूब प्यार लुटाया और आशीर्वाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरें