Jharkhand: ‘RJD का झारखंड प्लान’, मिशन 2024 को लेकर Lalu Yadav ने पार्टी नेताओं को दिया ये खास संदेश

Jharkhand: झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने नई दिल्ली में पार्टी प्रमुख लालू यादव से मुलाकात की। लालू यादव ने वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा और झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। गोड्डा के पूर्व आरजेडी विधायक संजय प्रसाद यादव ने रविवार को इस मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने लालू प्रसाद यादव को झारखंड में पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन की स्थिति के बारे में जानकारी दी। इस दौरान विशेष रूप से नई राज्य कार्यकारिणी से भी लालू यादव को अवगत कराया।
सदस्यता अभियान निरंतर चलाते रहने की सलाह
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने पूरे झारखंड में संगठन को धारदार और मजबूत बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सदस्यता अभियान को भी निरंतर चलाते रहने की सलाह दी। लालू प्रसाद ने कहा कि अभी से ही चुनाव की तैयारी में लगने की जरूरत है। पार्टी के सभी नेता-कार्यकर्त्ता गांव-गांव जाकर गरीबों के दुख-दर्द को समझे और समस्या के निदान के लिए पहल करें। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्या का समाधान कैसे हो, इस दिशा में पहल करने की जरूरत है।
लालू प्रसाद ने सभी को एकजुट होने का दिया निर्देश
लालू प्रसाद ने पार्टी के सभी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं को एकजुट होने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी नेता कार्यकर्त्ता एक मंच पर आएंगे, तभी संगठन मजबूत होगा। आपसी एकजुटता से ही आगे की लड़ाई में जीत मिलेगी। बताया गया है कि लालू यादव झारखंड आरजेडी नेताओं को नई दिल्ली बुलाकर से अलग-अलग मुलाकात कर रहे हैं। राज्य में अभी हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में आरजेडी शामिल है। आरजेडी कोटे से सत्यानंद भोक्ता मंत्री बनाए गए हैं। उन्हें पार्टी की ओर से कुछ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।