Advertisement

Jharkhand: 32 हजार गांवों से रांची में जुटेंगे भाजपा कार्यकर्ता, जानिए हेमंत सरकार के खिलाफ BJP की प्लानिंग

Share
Advertisement

रांची: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में शनिवार को रांची में पार्टी की कोर कमिटी की बैठक हुई। बाद में पत्रकारों से बातचीत में दीपक प्रकाश ने कहा कि बैठक में विभिन्न सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सचिवालय का घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा हुई। बीजेपी अध्यक्ष ने दावा किया कि इस घेराव प्रदर्शन में राज्य के 32 हजार गांवों से बीजेपी कार्यकर्त्ता रांची पहुंचेंगे। घेराव प्रदर्शन के माध्यम से हेमंत सरकार को उनके चुनावी वायदे को याद दिलाया जाएगा।

Advertisement

नियोजन नीति के खिलाफ संताल परगना बंद को सफल बनाने के लिए आभार

दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चलने वाली जेएमएम और कांग्रेस-आरजेडी गठगबंधन की सरकार से जनता ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि अब तो मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में जनता सड़कों पर धरना देकर राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प व्यक्त कर रही है। दीपक प्रकाश ने आज छात्र-युवाओं की ओर से नियोजन नीति के खिलाफ बुलाए गए संताल परगना बंद के लिए लोगों का आभार जताया।

कानून व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त होने का लगाया आरोप

दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार केवल लूट, घोटाले, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण में लगी है। उन्हांने कहा कि राज्य में वित्तीय अराजकता की स्थिति भयावह है। यह देश का पहला राज्य है, जहां मार्च लूट के तहत एक दिन में 5000 करोड़ रूपए की निकासी होती है। सरकार की लोक लुभावन योजनाओं का बुरा हाल है। साथ ही बजट के 11 हजार करोड़ रुपया सरेंडर हो गए। उन्होंने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जनता भगवान भरोसे जीवन बसर कर रही।

पार्टी स्थापना दिवस पर घर-घर झंडा लगाने का निर्णय

कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन के अतिरिक्त पार्टी की सांगठनिक गतिविधियां की चर्चा हुई। इसके तहत आगामी 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस घर-घर झंडा लगाकर मनाया जायेगा। साथ ही 6 अप्रैल को बीजेपी के कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर सुबह 9.30 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनेंगे। इसके अलावा 14 अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह के अलावा महान समाज सुधारक ज्योतिबा फूले की जयंती सहित सामाजिक समरसता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बैठक में झारखंड बीजेपी प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपाई, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, सांसद सुनील सिंह, समीर उरांव, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी और विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

ये भी पढ़े: डिमना डैम से नशे में धुत चार युवक मिले, BJP का झंडा लगी कार बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *