हेमन्त सोरेन ने दिए पुलिस को सख़्त निर्देश, बोले- संवेदनशील और तत्पर रहे पुलिस

File Photo
शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पुलिस पदाधिकारियों के संग बैठक में राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं हर हाल में अपराध रोकने का निर्देश दिया है। इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव-सह-गृह विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर आयुक्त मुकेश कुमार, एसएसपी रांची सुरेंद्र कुमार झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हाई लेवल बैठक में हेमन्त सोरेन ने पुलिस के आला अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस संवेदनशील और तत्पर रहे। पुलिस पेशेवर अपराधियों को चिन्हित कर उनसे सख्ती से निपटे।

मीटिंग में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि विधि व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की अहम जिम्मेदारी है। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था के सख्त होने से राज्य में चल रहे विकास कार्यों की गति बढ़ेगी तथा योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों को मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने रांची के मोरहाबादी मैदान में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना को लेकर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मोरहाबादी घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नही जाना चाहिए जाए। दोषियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी-कार्रवाई सुनिश्चित हो।