‘हिंदी दिवस’ के मौके पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा- वैश्विक मंच पर हिंदी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही

नई दिल्ली। आज 14 सितंबर है और आज के दिन देशभर में हिंदी दिवस मनाया जाता है। हिंदी हमारे देश की मुख्य भाषा है। इसका महत्व तो हम सब जानते ही है। आज का दिन हम हिंदी दिवस के रूप में मना रहे हैं।
हिंदी उन भाषाओं में से एक है जो कि दुनिया में सबसे ज्यादा बोली और जानी जाती है। हिंदी दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि सभी के प्रयासों से यह भाषा वैश्विक मंच पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है।
वहीं, पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि, ‘आप सभी को हिंदी दिवस की ढेरों बधाई। हिंदी को एक सक्षम और समर्थ भाषा बनाने में अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। यह आप सबके प्रयासों का ही परिणाम है कि वैश्विक मंच पर हिंदी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही है।’
बता दें कि हिंदी को 14 सितंबर 1949 को राजभाषा का दर्जा दिया गया। इसलिए इस दिन से आज के दिन हिंदी दिवस के तौर पर मनाया जाता है। महात्मा गांधी ने कहा था कि हिंदी जनमानस की भाषा है और इसे देश की राष्ट्रभाषा बनाने की सिफारिश भी की थी।
दुनिया में चौथी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है हिंदी
हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि आज दुनिया में हिंदी चौथी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा बन गई है।
जानिए दुनियाभर में कितने लोग बोलते है हिंदी
आपको बता दें कि दुनियाभर में हिंदी बोलने वालों की संख्या करीब 75 से 80 करोड़ है। भारत में करीब 77 प्रतिशत लोग हिंदी लिखते, पढ़ते, बोलते और समझते हैं। हिन्दी के प्रति दुनिया की बढ़ती लोकप्रियता का एक उदाहरण यह भी है कि आज विश्व के करीब 176 विश्वविद्यालयों में हिंदी एक सब्जेक्ट के रुप में पढ़ाई जाती है।
किन-किन देशों में बोली जाती है हिंदी
साथ ही आपको बता दें कि भारत के अलावा ऐसे कई देश है जहां हिंदी बोली जाती है और वहां भी हिंदी को अच्छी पहचान मिली हुई है। नेपाल, मॉरिशस, फिजी, सूरीनाम, यूगांडा, पाकिस्तान, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा जैसे तमाम देशों में हिंदी बोलने वालों की तादाद अच्छी-खासी है। इसके साथ ही इंग्लैंड, अमेरिका, मध्य एशिया में भी हिंदी भाषा को बोलने और समझने वाले अच्छे-खासे लोग मौजूद हैं।