BBC documentary: अगर डॉक्यूमेंट्री गलत है तो इसे चुनौती दी जानी चाहिए – CM भूपेश बघेल

गुजरात विधानसभा में BBC के खिलाफ पारित प्रस्ताव पर छत्तीसगढ़ के के CM भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी है। बघेल ने कहा कि अगर डॉक्यूमेंट्री गलत है तो उसे चुनौती दी जानी चाहिए लेकिन प्रस्ताव पारित करने से क्या होगा? दरअसल, CM बघेल ने रायपुर में शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर डॉक्यूमेंट्री गलत है तो इसे चुनौती दी जानी चाहिए और कार्रवाई करने के तरीके हैं, लेकिन आपने (भाजपा के संदर्भ में) उनके खिलाफ छापे मारे और उन्हें डराया जो सही नहीं है।
आपको बता दें कि 10 मार्च को गुजरात विधानसभा ने 2002 के गोधरा दंगों को लेकर बनाई गई की डॉक्यूमेंट्री को लेकर प्रसारक के खिलाफ केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया था।
BBC की डॉक्यूमेंट्री के रिलीज होने के बाद कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई थी। इस साल फरवरी में आयकर अधिकारियों ने ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर के नई दिल्ली और मुंबई स्थित कार्यालयों की तलाशी ली थी। इस कार्रवाई को डॉक्यूमेंट्री से जोड़कर देखा जा रहा था।
फरवरी में BBC के कार्यालय पर सर्वे से पहले केंद्र सरकार ने जनवरी में विवादास्पद BBC डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के लिंक साझा करने वाले यूट्यूब वीडियो और ट्विटर पोस्ट को ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए थे।