नीतीश सरकार की किरकिरी, एक साल में दूसरी बार गिरा निर्माणाधीन पुल

बिहार के भागलपुर में रविवार (4 जून) की शाम को गंगा नदी ऊपर बना पुल भरभराकर गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक गंगा नदी के ऊपर बना यह पुल निर्माणाधीन था। इसकी मरम्मत का काम किया जा रहा था। लेकिन रविवार को ये पुल ढह गया।
पुल के गिरते वक्त स्थानिय लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। जोकि सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा वायरल हो रहा है। पुल गिरने के इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुल की 3 पिलर गंगा नदी में समां गए। इसके बाद बिहार की नीतीश सरकार की काफी ज्यादा फज़ीहत हो रही है क्योंकि रविवार को पूरा पुल गिरा था। एक साल पहले इसका एक स्लैब टूट कर गिर गया था।
खगड़िया के अगुवानी-सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर इस पुल का निर्माण हो रहा है। निर्माणाधीन पुल रविवार को ढह गया। यह दूसरी बार है जब ये पुल गिरा है। जैसे ही पुल ताश के पत्तों की तरह गंगा में गिरा, नदी के पानी की कई फीट ऊंची लहरें उठीं। सड़क किनारे बैठे लोग सहम गए।
डीडीसी भागलपुर कुमार अनुराग ने बताया कि निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना शाम करीब छह बजे हुई है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन मौके पर है। हमने पुल निर्माण निगम से इसकी रिपोर्ट मांगी है। बता दें, इस पुल के निर्माण का ठेका एसपी सिंगला कंपनी के पास है। इस पुल का शिलान्यास सीएम नीतीश कुमार ने 2014 में किया था। जबकि पुल का निर्माण 2015 से शुरू हुआ।
एक साल में दूसरी बार पुल गिरने की घटना के बाद बिहार सरकार पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि बिहार सरकार जांच कराने की बार कह रहे हैं। राज्य सरकार ने भवन निर्माण विभाग को इस घटना की जांच शुरू करने का निर्देश दिया है।