Advertisement

‘AAP’ निगम विद्यालयों के संबंध में गलत तथ्य के आधार पर गुमराह करने की कोशिश कर रही है- पूर्व महापौर जय प्रकाश

Share
Advertisement

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के पूर्व महापौर जय प्रकाश ने आज रविवार को “आप” (आम आदमी पार्टी) के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के संबंध में लगाए गए आरोपो का खंडन करते हुए कहा है कि विद्यालयों और बच्चों के मुद्दे पर तथ्यहीन राजनीति करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया दिल्ली सरकार के 10 बेहतरीन विद्यालयों को चुनकर दिल्ली नगर निगम के 10 विद्यालयों से तुलना कर लें दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

Advertisement

जय प्रकाश ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि एक साल में लगभग 700 विद्यालय दिल्ली में बनाए जाएंगे, नए विद्यालय तो बन ही नहीं दिल्ली सरकार पुराने विद्यालयों में ही कमरे बनाकर वाहवाही लूटना चाहती है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार लगातार दिल्ली नगर निगम के शिक्षा मद में लगातार कटौती कर रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के तीनों नगर निगमों को लगभग 250 करोड़ रुपये शिक्षा मद में मिलना था जो नहीं मिला।

पूर्व महापौर ने बताया कि इस फंड से दिल्ली नगर निगम के बच्चों को किताबें, वर्दी, मिड डे मील व अन्य सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि लगातार शिक्षा मद में कटौती के बावजूद दिल्ली नगर निगम नए विद्यालय बना रही है जो इस बात का प्रतीक है कि फंड के अभाव में भी निगम विकास के कार्यों में कोई कटौती नहीं करती है। उन्होंने बताया कि निगम विद्यालयों में बच्चों को स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर क्लास जैसे अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

जय प्रकाश ने बताया है कि दिल्ली की तीनों नगर निगमों में लगभग 10, लाख बच्चे पढ़ते हैं जिन्हें सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम, दिल्ली में मुफ़्त प्राथमिक शिक्षा प्रधान करवाने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की हर साल परीक्षा होती है और वे नंबरों के द्वारा उत्तीर्ण होते हैं ना कि दिल्ली सरकार के विद्यालयों के द्वारा ग्रेडिंग के आधार पर।

जय प्रकाश ने कहा कि दिल्ली नगर निगम द्वारा निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए परिचायिका व पूर्व नर्सरी अभ्यास पुस्तक प्रकाशित की गई थी जिसे भारत सरकार और एससीईआरटी द्वारा काफ़ी सराहा गया था। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम लॉकडाउन के दौरान बच्चों के लिए ऑनलाइन शिक्षण प्रणाली विकसित करने वाली देश की पहली निगम थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम इस करोना महामारी के दौरान सभी बच्चों को ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से शिक्षा प्रदान कर रही है।

जय प्रकाश ने आगे कहा कि ऑनलाइन शिक्षण प्रणाली में बच्चों को पहले ऑडियो के माध्यम से शिक्षण दिया जाता है और उसके बाद अभ्यास पुस्तिका करवाई जाती है ताकि बच्चे विषय को पूर्णता समझ सकें। उन्होंने बताया कि आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में निगम ने बच्चों को 75 ऐतिहासिक स्थानों के बारे में चित्रण का अभ्यास कार्य दिया है ताकि बच्चों को देश के ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी व उनके महत्त्व के बारे में बताया जा सके।

जय प्रकाश ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दिल्ली नगर निगम पर इस तरह के झूठे आरोप लगा रही है ताकि वो अगले साल होने वाले निगम चुनावों में इसका फ़ायदा ले सकें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को नागरिकों के हितों से कोई सरोकार नहीं है वो तो बस अपने राजनीतिक एजेंडा को पूरा करना चाहते हैं चाहे इसके लिए उन्हें कोई भी नया झूठ क्यों न बोलना पड़े।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *