Advertisement

RJD की बैठक में शामिल नहीं हुए अध्यक्ष जगदानंद सिंह, तबीयत खराब होने का दिया हवाला

Share
Advertisement

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) दिल्ली में आयोजित बैठक में रविवार को पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पहुंच गए। हालांकि उनके पिता और बिहार आरजेडी अध्यक्ष जगदानंद सिंह अभी तक नहीं आए हैं। सुधाकर सिंह का कहना है कि वे जगदानंद के बारे में कुछ नहीं कह सकते। इस बारे में पार्टी प्रवक्ता बात करेंगे। सुधाकर सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से कोई नाराजगी नहीं है।

Advertisement

सुधाकर सिंह ने रविवार को आरजेडी की बैठक में शामिल होने से पहले एक चैनल से बातचीत की। इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या जगदानंद सिंह नाराज हैं, क्या वे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नहीं आएंगे? इस पर सुधाकर ने कहा कि इस बारे में पार्टी के प्रधान प्रवक्ता बताएंगे। वह खुद छोटे कार्यकर्ता हैं, उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है।

कुछ दिन पहले ही नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले सुधाकर सिंह ने कहा कि उनकी आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव और पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है। वह पार्टी के कार्यकर्ता हैं। इसी वजह से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने आए। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि वे बयानों पर कायम हैं, जिसमें उन्होंने बदलाव की बातें कही थीं।

दूसरी ओर, बताया जा रहा है कि जगदानंद सिंह आरेजडी चीफ लालू यादव से नाराज चल रहे हैं। इसकी वजह आरजेडी का नीतीश कुमार के साथ सरकार बनाना है। सुधाकर सिंह के कृषि मंत्री पद से इस्तीफे के बाद ये नाराजगी और बढ़ गई। तभी से कयास लगाए जा रहे हैं कि जगदानंद सिंह आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

वहीं, समर्थकों ने दिल्ली खबर पहुंचाई है कि जगदानंद सिंह की तबीयत खराब है, इसलिए वे राष्ट्रीय राजधानी नहीं पहुंच पाए। वे ठीक होते ही बैठक में शामिल होंगे। इससे पहले जगदानंद का ट्रेन और फ्लाइट में टिकट बुक थे, लेकिन वे दिल्ली के लिए नहीं रवाना हुए। फिलहाल जगदानंद के दिल्ली नहीं आने पर राजनीतिक महकमे में चर्चाओं का दौर जारी है। आरजेडी में सबकुछ ठीक नहीं?

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद आरजेडी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। महागठबंधन सरकार के गठन के कुछ दिनों बाद ही अपहरण केस से विवादों में आए मंत्री कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह ने इस्तीफा दे दिया। फिर कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने भी नीतीश कैबिनेट से अपना त्यागपत्र सौंप दिया। वे सरकार बनने के बाद से बागी तेवर के चलते चर्चा में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *