राहुल गांधी ने बताई लक्ष्मी और दुर्गा की परिभाषा, महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सरकार को जमकर घेरा

Share

नई दिल्ली: बुधवार को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने ऑल इंडिया महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर नया प्रतीक चिन्ह और नए झंडे का अनावरण किया। इस चिन्ह में कांग्रेस पार्टी के मूल चिन्ह के अंदर महिला कांग्रेस के चिन्ह को बनाया गया है।

इस कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने आरएसएस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस की विचारधारा बीजेपी और आरएसएस से अलग है। एक कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में मैं अन्य विचारधाराओं के साथ समझौता कर सकता हूं लेकिन भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के साथ नहीं। यह हमारे लिए एक बड़ा सवाल है कि गांधी, कांग्रेस’, गोडसे और सावरकर की विचारधाराओं में क्या अंतर है?

गोडसे पर विरोधाभास क्यों?

आगे उन्होंने कहा, ‘बीजेपी-आरएसएस के लोग कहते हैं कि वे हिंदू पार्टी हैं। पिछले 100-200 वर्षों में महात्मा गांधी वह व्यक्ति हैं जिन्होंने हिंदू धर्म को समझा और उसका पालन किया। हम इसे पहचानते हैं और इसी तरह बीजेपी और आरएसएस के लोग भी जानते और मानते हैं। लेकिन अगर महात्मा गांधी ने अपना पूरा जीवन हिंदू धर्म को समझने के लिए दे दिया था, तो गोडसे ने उन्हें क्यों मारा। यह एक विरोधाभास है और आपको इसके बारे में सोचना होगा।’

कांग्रेस महिलाओं को मंच देता है

जब आप महात्मा गांधी की तस्वीर देखेंगे, तो आपको उनके आसपास 2-3 महिलाएं दिखाई देंगी। क्या आपने किसी महिला के साथ मोहन भागवत की तस्वीर देखी है? ऐसा इसलिए है क्योंकि उनका संगठन महिलाओं को दबाता है और हमारा संगठन उन्हें एक मंच देता है। मोदी-आरएसएस ने किसी महिला को देश का पीएम नहीं बनाया, कांग्रेस ने एक महिला को देश का पीएम बनाया।

लक्ष्मी और दुर्गा की परिभाषा

भाषण के दौरान राहुल गांधी ने लक्ष्मी और दुर्गा की परिभाषा को बताया। उन्होंने कहा, दीपावली का त्योहार आने वाला है। अगर आप सोचते हैं कि लक्ष्मी वो शक्ति है जो घर में पैसा लाती हैं तो आप गलत हैं। लक्ष्मी का मतलब लक्ष्य होता है। कोई पैसा कमाने का लक्ष्य रखता है तो कोई राजनेता या फुटबॉलर बनने का लक्ष्य रखता है। जिसका जो लक्ष्य होता है, उसे जो शक्ति पूरा करती है उसे लक्ष्मी कहते हैं।

राहुल गांधी ने दुर्गा का भी मतलब बताया, ‘उन्होंने कहा कि दुर्गा का मतलब दुर्ग होता है। दुर्ग का मतलब किला होता है, जो शक्ति रक्षा करती है उसे दुर्गा कहते हैं। सरकार का काम दुर्गा और लक्ष्मी की शक्तियों को हर व्यक्तियों तक बिना भेदभाव के पहुंचाना होता है। लेकिन देश में कुछ उद्योगपतियों के पास ही ये दो शक्तियां हैं।

अन्य खबरें