IMD का अनुमान, 10 जुलाई तक पूरे उत्तर भारत में पहुंच सकता है मॉनसून

Share

नई दिल्ली: आईएमडी (भारत मौसम विज्ञान विभाग) के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, 11 जुलाई तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तटों से सटे पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का एक क्षेत्र बनने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर पर नम पूर्वी हवाएं 08 जुलाई से पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में धीरे-धीरे चलने की संभावना है। इसके 10 जुलाई तक पंजाब और उत्तरी हरियाणा को कवर करते हुए उत्तर पश्चिम भारत में फैलने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ‘दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पश्चिम उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कुछ और हिस्सों में 10 जुलाई के आसपास आगे बढ़ने की संभावना है। इससे 10 जुलाई से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश के लिए स्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।’ 

जून के पहले ढाई हफ्तों में अच्छी बारिश के बाद दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 19 जून से आगे नहीं बढ़ा है। दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी यूपी के कुछ भागों, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान में अभी मानसून का आना बाकी है। आईएमडी ने जुलाई के पूर्वानुमान में कहा कि इस महीने पूरे देश में अच्छी बारिश होगी। जबकि उत्तर भारत के कुछ भागों, दक्षिण प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा, सात जुलाई तक मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं। इसके अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून (एनएलएम) की उत्तरी सीमा वर्तमान में अलीगढ़, मेरठ, अंबाला और अमृतसर से गुजर रही है।