सतत विकास के लिए ऊर्जा पर वेबिनार में PM मोदी, बोले- ग्लासगो में हमने 2070 तक नेट ज़ीरो के स्तर तक पहुंचने का किया वादा

नई दिल्ली: सतत विकास के लिए ऊर्जा पर वेबिनार में PM मोदी (PM Modi in webinar) ने संबोधित करते हुए कहा कि हम घर के बाग-बगीचे या बालकनी में हर परिवार के एक सोलर ट्री की एक नई अवधारणा विकसित कर सकते हैं, ये सोलर ट्री घर की 10-20% बिजली में मदद कर सकता है। ये घर की पहचान भी बन जाएगा कि सोलर ट्री वाला घर पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिकों का घर है।
प्रधानमंत्री (PM Modi in webinar) ने कहा ग्लासगो में हमने 2070 तक नेट ज़ीरो के स्तर तक पहुंचने का वादा किया है। मैंने कॉप-26 में सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए लाइफ मिशन की बात की थी। भारत ने अपने लिए जो लक्ष्य तय किए हैं उन्हें मैं चुनौती की तरह नहीं बल्कि एक अवसर की तरह देखता हूं। इसी विजन पर भारत बीते वर्षों से चल रहा है और इस बजट में इनको पॉलिसी लेवल पर और आगे बढ़ाया गया है।
भारत का स्पष्ट विजन है कि सतत विकास सतत ऊर्जा से ही संभव
पीएम (PM Modi in webinar) ने अपने संबोधन में कहा ऊर्जा और सतत विकास हमारी पुरातन परंपराओं से प्रेरित है और भविष्य की आवश्यकताओं तथा आकांक्षाओं की पूर्ति का मार्ग है। भारत का स्पष्ट विजन है कि सतत विकास सतत ऊर्जा से ही संभव है। स्थिरता के लिए ऊर्जा की बचत और उत्पादन समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। हमें यहां भारत में अधिक ऊर्जा-कुशल एसी, हीटर, गीजर और इसी तरह के उपकरणों के निर्माण के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है।