Advertisement

MP Bus Accident: नर्मदा नदी में यात्री से भरी बस गिरने से 13 यात्रियों की मौत

Share
Advertisement

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में यात्रियों से भरी महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस नर्मदा नदी में गिरने से 13 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा सुबह पौने 10 बजे का बताया जा रहा है। सभी 13 लोगों के शव नदी से निकाले जा चुके हैं। हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं बची। बस को क्रेन के जरिए निकाला जा चुका है। हादसा रॉन्ड साइड से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के दौरान हुआ। बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसा खलघाट के पुराने पुल पर हुआ है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रही यात्री बस खलघाट संजय सेतु पुल पर संतुलन बिगड़ने के कारण 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। मौके पर धामनोद पुलिस एवं खलटाका पुलिस मोर्चा संभाला और तेजी से बचाव कार्य किया। गोताखोरों की मदद से नदी से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया लेकिन किसी भी यात्री को जिंदा नहीं बचाया जा सका। NDRF की टीम भी राहत बचाव के लिए मौके पर मौजूद है। इंदौर कमिश्नर पवन कुमार शर्मा ने धार और खरगोन के कलेक्टर्स को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए थे, प्रशासन ने घटनास्थल पर मोर्चा संभाला है। फिलहाल राहत कार्य जारी है।

क्रेन से निकाली गई बस।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खलघाट में हुई बस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए, प्रशासन को शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए थे। बस को क्रेन की मदद से निकाला गया, तेजी से बचाव कार्य करते हुए सभी यात्रियों के शव नदी से बरामद किए गए। 

जिला प्रशासन घटना स्थल पर है। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ को भेजने के निर्देश दिए हैं, इसके अतिरिक्त आवश्यक संसाधन घटना स्थल पर भेजने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। खरगोन, इंदौर जिला प्रशासन के साथ मुख्यमंत्री निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं।

वहीं, पूर्व सीएम कमलनाथ ने धार जिले के खलघाट में हुए हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए। सरकार व प्रशासन से युद्ध स्तर पर बचाव कार्य करने की मांग की और लोगों को जल्द राहत पहुँचाने की बात कही है।

इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ने वाले पुल पर हादसा
हादसा आगरा-मुंबई (एबी रोड) हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है। जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वह दो जिलों धार और खरगोन की सीमा पर बना है। आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे हैं।

महाराष्ट्र परिवहन की है बस
नदी में गिरने वाली बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की है, जिसे एसटी भी कहा जाता है। बस सुबह 7:30 बजे इंदौर से चली थी। खलघाट में हादसे से पहले बस ने 10 मिनट का ब्रेक लिया था, जिसके बाद खलघाट से बस निकली और सुबह पौने 10 बजे नर्मदा में गिरी गई। बताया जा रहा है कि हादसा सामने से रॉन्ग साइड से आ रहे मोटकसाइकिल सवार को बचाने के दौरान हुआ। उसे बचाने की कोशिश में बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पुल की रैलिंग तोड़ती हुई नदी में जा गिरी। बस में करीब 13 यात्रियों के सवार थे।

गृहमंत्री ने हादसे पर जताया दु:ख
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हादसे पर दु:ख जताते हुए कहा कि इंदौर से पुणे जा रही महाराष्ट्र सरकार की एसटी बस धामनोद के पास खलघाट में नर्मदा नदी में गिरने की बहुत ही दुखद और पीड़ादायी दुर्घटना हुई है। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की जांच की बात कही है।

हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं: सीएम शिवराज सिंह
धार बस हादसे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा में कहा कि हादसे के बाद 13 शव निकाले जा चुके हैं। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़नवीस से भी चर्चा हुई है। जो शव मिल गए हैं उनमें से 5 की पहचान हो चुकी है। उन्हें ससम्मान गंतव्य तक पहुंचाएंगे। दुघर्टना की जांच के आदेश प्रभारी मंत्री कमल पटेल को दे दिए हैं, वे  स्थिति का जायजा ले रहे हैं। संकट के समय हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *