
Har Ghar Tiranga:15 अगस्त 2022 को भारत की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव (Azadi ka Amrit Mahotsav) के जश्न में डूबा हुआ है। वहीं हर घर तिरंगा अभियान (Har Ghar Tiranga Abhiyan) की शुरुआत आज से होगी। 13 से 15 अगस्त तक यह अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सरकार ने लोगों से अपील की है कि वो 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घर पर तिरंगा फहराएं।
तिरंगा अभियान के जरिए सरकार की योजना है कि भारत के हर घर पर तिरंगा लहराए। इसके लिए सरकार ने 20 करोड़ घरों का लक्ष्य तय किया है। 13 से 15 अगस्त के बीच जन भारत के साथ इस लक्ष्य को प्राप्त करने का सरकार का प्लान है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान (Har Ghar Tiranga Abhiyan) के तहत पूरी दूनिया में विभिन्न विभागों और स्कूलों द्वारा विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने की थी अपील
दरअसल केंद्र सरकार पहले ही राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आग्रह कर चुकी है कि वे राष्ट्रीय नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रोत्साहित करें। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने के अपील की थी। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार मन की बात में यह भी कहा था कि लोगों को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल फोटो में भी देश का राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगा लगाना चाहिये।
रात में भी फहरा सकते हैं तिरंगा
पहले के नियम के अनुसार तिरंगे को सुबह सूर्य उदय होने के बाद और सूर्य अस्त होने से पहले तक के लिये फहराया जाता था। लेकिन हाल ही में इसके नियमों में बदलाव किये गए हैं। नये नियमों के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज दिन हो या रात, फहराया जा सकता है।