Advertisement

Weather Change : बदला मौसम का मिजाज, कहीं झमाझम बारिश तो कहीं रिमझिम

Share
Advertisement

नई दिल्ली। मौसम विभाग की मानें तो देश के अधिकतर हिस्सो में मानसून ने दस्तक दे दी है। कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं रिमझिम। गुरुवार सुबह राजधानी दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में बारिश से उमस व गर्मी से राहत मिली। देश के बचे भागों को भी मानसून जल्द भिगोएगा। राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी व पश्चिमी यूपी में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किए गए हैं।

Advertisement

पूर्वी यूपी में आज भारी बारिश हो सकती है, इसलिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी यूपी में गुरुवार और शुक्रवार को तथा दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए आज वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के भी कुछ हिस्सों में आंधी तूफान और गरज के साथ भारी वर्षा की संभावना है। रेड अलर्ट भारी बारिश के खतरे की आशंका का और ऑरेंज अलर्ट मौसमी खतरों को लेकर सावधानी का सूचक है। 

बीते कुछ दिनों से बारिश व मानसून का इंतजार कर रहे दिल्ली के लोगों के लिए गुरुवार सुबह राहत की बूंदें बरसीं। मौसम विभाग का अनुमान सटीक निकला, हालांकि इसे मानसून की दस्तक माना जाएगा या नहीं यह झमाझम बारिश व उसकी निरंतरता पर निर्भर करेगा। विभाग ने दिल्ली में आजकल में मानसून की दस्तक का अनुमान जताया है। कल भी बारिश की संभावना है। 

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट का कहना है कि पश्चिम मध्य अरब सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर भी ऐसा ही क्षेत्र बना हुआ है। एक द्रोणिका उत्तर पश्चिमी राजस्थान से लेकर उत्तर पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तट तक फैली हुई है। दूसरी द्रोणिका महाराष्ट्र में अरब सागर से उत्तरी केरल तक फैली हुई है। इनके असर से देश के कई इलाकों में वर्षा हो सकती है। 

यहां हो सकती है बारिश

  • पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में एक या दो स्थानों पर कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
  • उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण गुजरात, तटीय महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के आसार।
  • बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, लक्षद्वीप, तेलंगाना, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा संभव।
  • ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के शेष हिस्सों, आंतरिक कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी गुजरात के कुछ हिस्सों और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *