Raksha Bandhan 2022: 11 अगस्त को भद्रा, 12 अगस्त को उदया तिथि, जानें कब रक्षा बंधन मनाना सही

नई दिल्ली। भाई-बहन का त्योहार रक्षा बंधन इस बार 12 अगस्त को मनेगा। सावन पूर्णिमा के दिन यह त्योहार मनाया जाता है। इस बार पूर्णिमा 11 अगस्त की सुबह 9.35 बजे प्रवेश कर जाएगा, जो 12 अगस्त की सुबह 7.16 बजे तक रहेगा। लेकिन 11 अगस्त की रात 8.25 बजे तक भद्रा है। नतीजतन इस दिन रक्षाबंधन का शुभ योग नहीं है। 11 अगस्त की रात 8.25 के बाद भद्रा का समापन हो जाएगा। इसके उपरांत बहनें भाइयों को राखी बांध सकेगी। लेकिन रात में यह त्योहार नहीं मनता है। इसलिए दूसरे दिन 12 अगस्त को उदया मान कर रक्षा बंधन का त्योहार बिहार-झारखंड में मनाया जाएगा। 12 अगस्त को भले ही पूर्णिमा सुबह 7.16 बजे ही खत्म हो जाएगी, लेकिन जिसका उदय, उसी का अस्त की मान्यता है।
इसलिए 12 अगस्त को दिन भर बहनें भाइयों को राखी बांध सकेंगी। काशी और मिथिला पंचांग दोनों में रक्षा बंधन का शुभ योग 12 अगस्त को ही है। उन्होंने बताया कि भद्रा में रक्षा बंधन और होलिका दहन निषिद्ध रहता है। रक्षा बंधन के लिए शुभ योग भद्रा के बाद होता है। इस बार हर्ष योग में रक्षा बंधन का त्योहार होगा। हर्ष योग से आशय है कि अनिष्ट का निवारण और अच्छाई का प्रवेश। यह योग भाई-बहन के लिए काफी शुभ होता है।